छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

नर्सिंग की खाली सीटों पर दूसरे और तीसरे चरण की संयुक्त काउंसिलिंग शुरू

22 नवंबर दोपहर 2 बजे तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, नए अभ्यर्थियों को भी पंजीयन का मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे और तीसरे चरण (मॉप-अप राउंड) की संयुक्त काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 नवंबर सुबह 11 बजे से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 22 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।

राज्य काउंसिलिंग समिति एवं संचालनालय चिकित्सा शिक्षा के अनुसार, इस संयुक्त काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।

इस चरण में नए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा मिलेगी। वहीं पहले से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थी भी संस्थान और पाठ्यक्रम का दोबारा चयन कर सकेंगे। सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए नए सिरे से विकल्प भरना और उन्हें लॉक करना अनिवार्य किया गया है। पहले चरण में प्रवेश ले चुके पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार सीट अपग्रेडेशन का अवसर भी मिलेगा।

विशेष प्रावधान के तहत बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी पंजीयन कराकर संस्थानों का चयन कर सकेंगे। यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगी।

संयुक्त काउंसिलिंग में बची हुई सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में बदलाव छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 एवं 11 के अनुसार किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सीट आवंटन और प्रवेश से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in पर नियमित रूप से नजर रखने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button