
रायपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य जारी है। 20 नवंबर तक जिले के 5 हजार से अधिक किसानों से 21,200.92 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और किसानों को किसी तरह की परेशानी से बचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर धान खरीदी केंद्रों से लेकर राइस मिलों तक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। जिले में कुल 1,58,572 किसानों का पंजीयन हुआ है। इनमें 5,743 किसानों का रकबा समिति मॉड्यूल में शून्य प्रदर्शित हो रहा था। प्रशासन की पहल पर अब तक 3,140 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है, जबकि शेष प्रकरणों का निराकरण जारी है।
समर्थन मूल्य पर खरीदी का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचाने के लिए अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान 6 कोचियों के पास से 306.4 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। संबंधितों के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
इधर, कस्टम मिलिंग के चावल जमा करने में देरी को लेकर प्रशासन ने राइस मिलरों को भी निर्देश दिए हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की समीक्षा में निर्धारित समय पर चावल जमा नहीं करने वाले 9 राइस मिलरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने संबंधित मिलरों को एक सप्ताह के भीतर राज्य पूल (पीडीएस) में बकाया चावल जमा करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा और नियमों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी से लेकर कस्टम मिलिंग तक पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी।




