छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

प्रदेश के 8,456 बाल वैज्ञानिक दिखाएंगे अपनी प्रतिभा, राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस शुरू

33 जिलों के 4,228 समूहों ने कराया पंजीयन, शोध परियोजनाओं के जरिए प्रस्तुत करेंगे नवाचार और वैज्ञानिक सोच

रायपुर। बच्चों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का शुभारंभ पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में हुआ। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के बाल वैज्ञानिक अपनी शोध परियोजनाओं और नए प्रयोगों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलपति एवं निदेशक ओ.पी. व्यास, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल तथा सीकॉस्ट के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर शामिल हुए।

डॉ. ओ.पी. व्यास ने कहा कि वैज्ञानिक खोजों और आविष्कारों की बुनियाद मौलिक विज्ञान है। विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और समस्याओं का विश्लेषण करने की क्षमता विकसित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में केवल उत्तर जानना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही और सार्थक प्रश्न पूछने की क्षमता भी महत्वपूर्ण है।

कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल ने कहा कि बच्चों की जिज्ञासा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को स्वतंत्र रूप से सोचने, प्रयोग करने और नए विचार विकसित करने के अवसर मिलने चाहिए। वहीं प्रशांत कविश्वर ने बाल वैज्ञानिकों को अपनी शोध परियोजनाएं आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।

इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ रखा गया है। इसके अंतर्गत पांच उपविषयों पर शोध परियोजनाएं तैयार की गई हैं। प्रदेश के सभी 33 जिलों से 4,228 समूहों के कुल 8,456 बाल वैज्ञानिकों ने पंजीयन कराया है। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित प्रत्येक जिले के पांच बाल वैज्ञानिक राज्य स्तरीय आयोजन में अपनी परियोजनाएं प्रस्तुत करेंगे।

राज्य स्तर पर विषय विशेषज्ञों द्वारा परियोजनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक चेतना, मौलिक सोच, रचनात्मकता और अनुसंधान की प्रवृत्ति को मजबूत करना है।

Related Articles

Back to top button