
रायपुर। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से बेमेतरा जिले में हुई असामयिक बारिश को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल को बारिश से बचाने के लिए जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही फसल को नुकसान होने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 72 घंटे के भीतर सूचना दर्ज कराने को कहा है।
कृषि विभाग के अनुसार, बारिश के कारण कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए रखी धान की फसल के भीगने और नमी बढ़ने से नुकसान की आशंका है। ऐसे में किसानों को धान के करपा और खलिहानों में रखी उपज को पॉलिथीन या तिरपाल से अच्छी तरह ढककर सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। खेतों में जलभराव होने पर जहां संभव हो, पानी निकासी की व्यवस्था भी करने को कहा गया है।
72 घंटे के भीतर दर्ज कराएं शिकायत
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन किसानों की बीमित फसल को चक्रवाती तूफान या असामयिक वर्षा से नुकसान पहुंचा है, वे 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दें। शिकायत दर्ज होने के बाद बीमा कंपनी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 10 दिनों के भीतर प्रभावित फसल का सर्वेक्षण कराया जाएगा।
कटाई के बाद 14 दिनों तक बीमा सुरक्षा
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी गई बीमित धान की फसल यानी करपा को भी निर्धारित शर्तों के अनुसार अधिकतम 14 दिनों तक बीमा सुरक्षा प्राप्त है। इस अवधि में अधिसूचित जोखिमों से नुकसान होने पर किसान बीमा दावा कर सकते हैं।
दस्तावेज और फोटो रखें सुरक्षित
फसल नुकसान की सूचना देते समय किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, गांव, तहसील, जिला, खसरा नंबर, बीमा पॉलिसी नंबर, बीमित फसल का नाम और नुकसान की तारीख जैसी जानकारी तैयार रखनी होगी। इसके अलावा खेत में हुए नुकसान की तस्वीरें और वीडियो भी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
कृषि विभाग ने किसानों से कहा है कि फसल को नुकसान होने पर पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी तत्काल जानकारी दें। विभाग ने अपील की है कि किसान मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहें और समय-सीमा के भीतर बीमा संबंधी सूचना देकर योजना का लाभ सुनिश्चित करें।



