
रायपुर । विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा और तकनीकी कौशल से जोड़ने की दिशा में प्रथम प्रतिष्ठा कंप्यूटर इंस्टीट्यूट एवं कलिंगा यूनिवर्सिटी, रायपुर के बीच महत्वपूर्ण शैक्षणिक समझौता हुआ है। दोनों संस्थानों ने B.Voc (बैचलर ऑफ वोकेशन) पाठ्यक्रम के संचालन के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
समझौता कलिंगा यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. संदीप गांधी तथा प्रथम प्रतिष्ठा कंप्यूटर इंस्टीट्यूट के संचालक डॉ. अमितेष यदु और डॉ. प्रियंका यदु के बीच संपन्न हुआ। इस एमओयू के बाद प्रथम प्रतिष्ठा कंप्यूटर इंस्टीट्यूट को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सहयोगी संस्थान के रूप में नई पहचान मिली है।
इस साझेदारी के तहत संस्थान विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों और शैक्षणिक मानकों के अनुरूप B.Voc सहित संबंधित पाठ्यक्रमों का संचालन करेगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान और रोजगार से जुड़े कौशल प्रदान करना है, ताकि वे बदलते दौर की आवश्यकताओं के अनुरूप अपना करियर बना सकें।
संस्थान ने इस उपलब्धि के लिए कलिंगा यूनिवर्सिटी के पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया। साथ ही इस पहल में सहयोग देने वाली निकिता गजेंद्र, पीयूष अग्रवाल और गायत्री यादव के योगदान की सराहना की।
संस्थान के संचालकों ने कहा कि शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इस शैक्षणिक साझेदारी को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




