छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय परचम, मिले पांच पुरस्कार

  • फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में प्रदेश देश में अव्वल, इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज में दूसरा स्थान
  • बड़े बचेली को प्रथम, दंतेवाड़ा और बिलासपुर को डिजिटल अडॉप्शन में मिला राष्ट्रीय सम्मान

रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया है। इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ ने शहरी आजीविका और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दो राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। छत्तीसगढ़ को फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान मिला।

डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। एक लाख से कम आबादी वाले निकायों में बड़े बचेली ने देश में पहला और दंतेवाड़ा ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं एक लाख से दस लाख की आबादी वाले निकायों में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार मिला।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम बनी है। प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना सुशासन, बेहतर कार्यप्रणाली और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छोटे व्यवसायियों को सम्मानजनक आजीविका के अवसर मिलें।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य और नगरीय निकायों को मिला राष्ट्रीय सम्मान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल भुगतान और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे उनके व्यवसाय को नई मजबूती मिल रही है।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित विभिन्न नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस सम्मान से छत्तीसगढ़ में शहरी आजीविका को बढ़ावा देने और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

Related Articles

Back to top button