छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

विश्व मधुमेह दिवस पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, जीवनशैली में बदलाव और संतुलित खानपान की दी गई सलाह

रायपुर। विश्व मधुमेह दिवस 2026 के अवसर पर 14 नवंबर को आयुष्मान आरोग्य मंदिर माना बस्ती स्थित आयुर्वेद औषधालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. शगुप्ता कुरैशी ने माना बस्ती एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मधुमेह की रोकथाम, शुरुआती लक्षणों की पहचान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मधुमेह की समय पर पहचान कर गंभीर जटिलताओं से बचाव करना तथा लोगों को बीमारी के जोखिम कम करने के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान बताया गया कि आज गलत खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव और अनियमित दिनचर्या के कारण मधुमेह जैसी गैर-संचारी बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

डॉ. कुरैशी ने बताया कि मधुमेह को नियंत्रित रखने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग, तनाव से बचाव और अनुशासित दिनचर्या बेहद जरूरी है। समय पर जांच और उचित सावधानियां अपनाकर बीमारी से होने वाली गंभीर परेशानियों को कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम में मधुमेह के अलावा कैंसर, उच्च रक्तचाप और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) जैसी गैर-संचारी बीमारियों के बारे में भी जानकारी दी गई। इनके बचाव और नियंत्रण के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में बताया गया।

इस अवसर पर मधुमेह रोगियों के लिए खानपान संबंधी विशेष सुझाव भी दिए गए। लोगों को जौ, बाजरा, रागी, चोकरयुक्त आटे की रोटी, ओट्स, दलिया और ब्राउन राइस जैसे अनाज अपनाने की सलाह दी गई। हरी पत्तेदार सब्जियां, करेला, लौकी, भिंडी, फूलगोभी, पत्तागोभी और खीरा को भोजन में शामिल करने पर जोर दिया गया।

वहीं मैदा, सफेद ब्रेड, पॉलिश किए हुए चावल और तले हुए मांस व प्रोसेस्ड मीट से परहेज करने की सलाह दी गई। कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फलों जैसे अमरूद, सेब, पपीता, संतरा, नाशपाती और जामुन के सेवन की जानकारी दी गई। प्रोटीन के लिए दालें, अंकुरित अनाज, चना, राजमा, सोयाबीन, पनीर, टोफू, अंडा और मछली को उपयोगी बताया गया। साथ ही सादा पानी, छाछ, बिना चीनी वाली ग्रीन टी और मेवे व बीजों के सेवन के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम में सीएचओ मिस. डिम्पी साहू एवं फार्मासिस्ट श्रीमती किरण ध्रुव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और मधुमेह के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

 

Related Articles

Back to top button