छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

परलकोट से भूमकाल तक गूंजा आजादी का बिगुल, जनजातीय वीरों ने लिखी बलिदान की गौरवगाथा

जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत से लिया लोहा, छत्तीसगढ़ के जननायकों का संघर्ष आज भी देता है प्रेरणा

रायपुर । छत्तीसगढ़ की धरती प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध लोक-संस्कृति के साथ जनजातीय वीरता, संघर्ष और बलिदान की गौरवशाली परंपरा के लिए भी जानी जाती है। यहां के जनजातीय समाज के लिए स्वतंत्रता का अर्थ केवल विदेशी शासन से मुक्ति नहीं था, बल्कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और जल, जंगल, जमीन पर अधिकारों की रक्षा भी था। अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों, बेगार प्रथा और वन अधिकारों पर नियंत्रण के खिलाफ छत्तीसगढ़ के जननायकों ने समय-समय पर विद्रोह और आंदोलनों का नेतृत्व किया।

1857 की क्रांति से पहले हुए परलकोट विद्रोह से लेकर 1910 के भूमकाल आंदोलन और जंगल सत्याग्रह तक जनजातीय वीरों ने साहस और स्वाभिमान की मिसाल कायम की। इन संघर्षों में कई नायकों ने अपने प्राणों की आहुति दी, तो कुछ ने सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और संगठन के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। जनजातीय गौरव दिवस पर इन वीर सेनानियों और समाज सुधारकों का स्मरण छत्तीसगढ़ के इतिहास और विरासत को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है।

जनजातीय इतिहास को संजो रहा डिजिटल संग्रहालय

जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का निर्माण किया गया है। इसे देश का पहला डिजिटल जनजातीय संग्रहालय बताया गया है। संग्रहालय में 14 दीर्घाओं और 650 मूर्तियों के माध्यम से परलकोट विद्रोह, भूमकाल आंदोलन और जंगल सत्याग्रह सहित विभिन्न ऐतिहासिक घटनाओं को प्रदर्शित किया गया है। परिसर में शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य अश्वारूढ़ प्रतिमा भी स्थापित है।

शहीद वीर नारायण सिंह : अकाल पीड़ितों के लिए उठाई आवाज

सोनाखान के जमींदार वीर नारायण सिंह को छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख जननायकों में गिना जाता है। वर्ष 1856 के अकाल के दौरान उन्होंने जरूरतमंद ग्रामीणों को अनाज उपलब्ध कराया। अंग्रेजी शासन ने इसे अपराध मानते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया। वर्ष 1857 की क्रांति के दौरान वे जेल से बाहर निकले और अंग्रेजी सत्ता के विरुद्ध संघर्ष में शामिल हुए। 10 दिसंबर 1857 को रायपुर के जयस्तंभ चौक पर उन्हें फांसी दे दी गई। उनका बलिदान आज भी छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान और जनसेवा की प्रेरणा माना जाता है।

शहीद गैंदसिंह : परलकोट विद्रोह के महानायक

1857 की क्रांति से लगभग तीन दशक पहले ही बस्तर अंचल में अंग्रेजी और मराठा सत्ता के हस्तक्षेप के खिलाफ विद्रोह शुरू हो चुका था। परलकोट विद्रोह के नायक शहीद गैंदसिंह ने जनजातीय समाज को संगठित कर पारंपरिक हथियारों के साथ संघर्ष का नेतृत्व किया। वर्ष 1824-25 में हुए इस विद्रोह ने अंग्रेजी शासन को चुनौती दी। जनवरी 1825 में अंग्रेजों और मराठों की संयुक्त सेना ने उन्हें बंदी बना लिया। 20 जनवरी 1825 को परलकोट में उन्हें फांसी दे दी गई। उनका संघर्ष छत्तीसगढ़ में जनजातीय प्रतिरोध के शुरुआती अध्यायों में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

वीर गुण्डाधूर और डेबरीधुर : भूमकाल आंदोलन के अग्रदूत

वर्ष 1910 में बस्तर में भूमकाल विद्रोह ने अंग्रेजी शासन की नींव को चुनौती दी। इस आंदोलन के प्रमुख नायक वीर गुण्डाधूर थे। नेतानार के धुरवा जनजातीय समुदाय से जुड़े गुण्डाधूर ने बेगारी, दमनकारी नीतियों और वन अधिकारों के हनन के खिलाफ लोगों को एकजुट किया। अंग्रेजी शासन आंदोलन को दबाने में जुटा रहा, लेकिन गुण्डाधूर को पकड़ने में सफल नहीं हो सका।

भूमकाल आंदोलन में बोरगाधूर, जिन्हें डेबरीधुर के नाम से भी जाना जाता है, गुण्डाधूर के निकट सहयोगी थे। आंदोलन के दौरान उन्हें पकड़ लिया गया और 29 मार्च 1910 को जगदलपुर के गोल बाजार स्थित इमली के पेड़ पर फांसी दे दी गई। इन दोनों क्रांतिकारियों का योगदान बस्तर के जनजातीय इतिहास में विशेष महत्व रखता है।

क्रांतिवीर कंगला मांझी : संगठन और अनुशासन का संदेश

कांकेर के तेलावट गांव में जन्मे कंगला मांझी, जिन्हें हीरा सिंह देव के नाम से भी जाना जाता है, ने वर्ष 1913 से जनजातीय आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने अनुशासन, अहिंसा और संगठन के माध्यम से जनजातीय समाज को एकजुट करने का प्रयास किया। स्वतंत्रता के बाद भी वे आदिवासी समाज के उत्थान के लिए सक्रिय रहे और आदिवासी किसान सैनिक संगठन की परंपरा को आगे बढ़ाया। 5 दिसंबर 1984 को उनका निधन हुआ। उनके द्वारा स्थापित मांझी सरकार की परंपरा आज भी उनके अनुयायियों के बीच स्मरण की जाती है।

बंटू धुरवा, सुकदेव पातर और रामधीन गोंड का योगदान

छत्तीसगढ़ के जनजातीय आंदोलनों में अनेक ऐसे सेनानी भी रहे, जिनका योगदान स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण रहा। बंटू धुरवा वर्ष 1910 के भूमकाल आंदोलन से जुड़े थे। सुकदेव पातर ने झंडा सत्याग्रह के दौरान भेलवापानी में अहिंसक प्रतिरोध का नेतृत्व किया। वहीं शहीद रामधीन गोंड जंगल सत्याग्रह के प्रमुख सेनानियों में शामिल थे। इन जननायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाकर जनजातीय समाज में जागरूकता और एकजुटता का संदेश दिया।

संत रामेश्वर गहिरा गुरु : शिक्षा और सामाजिक सुधार के प्रेरणास्रोत

छत्तीसगढ़ के जनजातीय समाज में सामाजिक जागरण का कार्य करने वाले प्रमुख व्यक्तित्वों में संत रामेश्वर गहिरा गुरु का नाम सम्मान के साथ लिया जाता है। उनका मूल नाम रामेश्वर कंवर था। वर्ष 1905 में रायगढ़ जिले के गहिरा गांव में जन्मे गहिरा गुरु ने शिक्षा, स्वच्छता, नशामुक्ति और सामाजिक अनुशासन के प्रसार के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

वर्ष 1943 के बाद उनके सामाजिक कार्यों का विस्तार हुआ। उन्होंने वर्ष 1953 में कैलाश गुफा आश्रम और संस्कृत शिक्षा संस्थानों की स्थापना की। 21 नवंबर 1996 को उनके निधन तक वे वनांचलों में शिक्षा और जनजागरण का संदेश फैलाते रहे। उनका जीवन बताता है कि समाज में बदलाव के लिए शिक्षा और जागरूकता कितनी महत्वपूर्ण है।

माता राजमोहिनी देवी : महिला जागरूकता और नशामुक्ति की अलख

सरगुजा जिले के सरसेड़ा गांव में 7 जुलाई 1914 को जन्मी माता राजमोहिनी देवी जनजातीय समाज की प्रमुख समाज सुधारक थीं। उन्होंने नशाबंदी, स्वच्छता और महिलाओं की जागरूकता के लिए व्यापक अभियान चलाए। वर्ष 1953 में उन्होंने भटगांव सत्याग्रह का नेतृत्व किया। उनके प्रयासों से सामाजिक सुधार और महिला जागरूकता को नई दिशा मिली। समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए वर्ष 1989 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वे जनजातीय समाज में महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायी प्रतीक बनीं।

नई पीढ़ी तक पहुंच रही बलिदान की विरासत

छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों का इतिहास केवल विद्रोह और संघर्ष की कहानी नहीं है, बल्कि यह अधिकारों, स्वाभिमान, सामाजिक एकता और बदलाव की प्रेरणा भी देता है। किसी ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ हथियार उठाए, किसी ने सत्याग्रह के माध्यम से प्रतिरोध किया, तो किसी ने शिक्षा और सामाजिक सुधार को अपना माध्यम बनाया।

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर इन सभी जननायकों का स्मरण करना उनके योगदान को सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को प्रदेश की गौरवशाली विरासत से जोड़ने का प्रयास है। परलकोट से भूमकाल तक गूंजा स्वतंत्रता का बिगुल और वीर नारायण सिंह, गैंदसिंह, गुण्डाधूर, डेबरीधुर, कंगला मांझी, गहिरा गुरु तथा माता राजमोहिनी देवी जैसे व्यक्तित्वों का योगदान छत्तीसगढ़ के इतिहास में सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

Related Articles

Back to top button