
रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) द्वारा स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर्स से मुलाकात कर उनके व्यवसाय और पीएम स्वनिधि योजना से मिले लाभों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पथ विक्रेताओं द्वारा लगाए गए विभिन्न खाद्य स्टॉलों का अवलोकन किया और एक स्ट्रीट वेंडर के हाथों बनी चाय का स्वाद भी लिया।
उप मुख्यमंत्री ने मिट्टी के कुल्हड़ में चाय पीते हुए पथ विक्रेताओं से आत्मीय बातचीत की। उनके साथ मौजूद जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी चाय का आनंद लिया। उन्होंने स्टॉल संचालकों से उनके कारोबार, आर्थिक स्थिति और पीएम स्वनिधि योजना के तहत मिले ऋण के उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के बाद उन्होंने महिला पथ विक्रेताओं के साथ बैठकर भोजन भी किया।
ऋण से बढ़ा कारोबार, परिवार की स्थिति में आया सुधार
स्वनिधि महोत्सव में धमतरी के दिलीप यादव ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के तहत पहले चरण में 10 हजार रुपए का ऋण लेकर प्लास्टिक के सामान बेचने का व्यवसाय शुरू किया था। समय पर ऋण की किस्तें चुकाने के बाद उन्होंने दूसरे चरण में 20 हजार रुपए और तीसरे चरण में 50 हजार रुपए का ऋण प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि योजना से मिले आर्थिक सहयोग से उनका कारोबार आगे बढ़ा और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया।
इसी तरह फिंगेश्वर की सुशीला श्रीवास्तव ने बताया कि वे सिलाई का काम करती हैं। उन्होंने पहले चरण में 10 हजार रुपए का ऋण लिया और समय पर उसकी किस्तें चुकाईं। इसके बाद व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए दूसरे चरण में 20 हजार रुपए तथा तीसरे चरण में 50 हजार रुपए का ऋण प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि इस योजना से उनके काम का विस्तार हुआ है और परिवार के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
स्वनिधि महोत्सव में स्ट्रीट वेंडर्स ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समय पर ऋण उपलब्ध होने से छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है।




