छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले तय, पहले मैच में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और न्यायधानी नाइट्स आमने-सामने

रायपुर । रोमांचक लीग मुकाबलों के बाद हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। बैलाडिला बुल्स ने चक्रधर चैंपियंस को 6-2 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई, वहीं संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मैनपाट टाइटन्स को 4-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।

इन नतीजों के साथ 31 अक्टूबर को दो रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में शाम 5:30 बजे टॉप क्वालीफायर न्यायधानी नाइट्स का सामना संस्कारधानी स्ट्राइकर्स से होगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल शाम 7:30 बजे बैलाडिला बुल्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच खेला जाएगा।

बैलाडिला बुल्स ने 6-2 से दर्ज की शानदार जीत

बैलाडिला बुल्स के लिए चक्रधर चैंपियंस के खिलाफ मुकाबला बेहद अहम था। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम को हर हाल में जीत की जरूरत थी। खिलाड़ियों ने दबाव के बीच शानदार खेल दिखाते हुए 6-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच की शुरुआत से ही बुल्स ने आक्रामक रुख अपनाया। आनंद ने पहले ही मिनट में रिवर्स फ्लिक के जरिए गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद जसकरण सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लीग में अपना सातवां गोल किया और स्कोर 2-0 कर दिया। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर भी गोल दागकर टीम की बढ़त मजबूत की।

तीसरे क्वार्टर में जसकरण ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना चौथा गोल पूरा किया। आनंद ने भी शानदार व्यक्तिगत प्रयास से गोल किया। इसके बाद गोपाल ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया।

चक्रधर चैंपियंस की ओर से खोगेश्वर बाग और युवराज वाल्मीकि ने गोल किए, लेकिन टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी। बुल्स की मजबूत रक्षापंक्ति और आक्रामक खेल ने उसे 6-2 से जीत दिलाई।

संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मैनपाट को 4-0 से हराया

दूसरे मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मैनपाट टाइटन्स के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4-0 से जीत दर्ज की। इस जीत में आशीष तानी पूर्ति की भूमिका सबसे अहम रही। उन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर अपनी टीम को बड़ी जीत दिलाई। इसके साथ ही टूर्नामेंट में उनके कुल गोलों की संख्या 12 हो गई।

मैच के शुरुआती दौर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैनपाट की मजबूत डिफेंस लाइन के सामने संस्कारधानी को गोल करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में आशीष ने जोरदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल कर टीम का खाता खोला।

इसके बाद तीसरे क्वार्टर में उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम की बढ़त बढ़ाई। आशीष ने एक और गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। मैच के अंतिम पलों में शाहरुख के पास पर ओम कुमार यादव ने फील्ड गोल दागकर स्कोर 4-0 कर दिया।

31 अक्टूबर को होंगे दो सेमीफाइनल

लीग चरण के नतीजों के बाद अब सभी की नजरें सेमीफाइनल मुकाबलों पर हैं। पहले मैच में न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच भिड़ंत होगी, जबकि दूसरे मुकाबले में बैलाडिला बुल्स और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगे।

दोनों मुकाबलों में टीमों के प्रदर्शन और फाइनल में जगह बनाने की जद्दोजहद के चलते दर्शकों को रोमांचक हॉकी देखने को मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button