छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

आरंग विधानसभा में 15.50 किलोमीटर सड़क का होगा नवीनीकरण, 11.69 करोड़ रुपये स्वीकृत

रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। आरंग विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं के विस्तार के लिए धमनी-कोटनी पलौद से नवागांव तक 15.50 किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। लोक निर्माण विभाग ने इस कार्य के लिए 11 करोड़ 69 लाख 9 हजार रुपये मंजूर किए हैं। यह कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल है।

कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने का रास्ता साफ हुआ है। सड़क के नवीनीकरण और डामरीकरण से धमनी, कोटनी पलौद, नवागांव सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसका लाभ किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भी मिलेगा। साथ ही गांवों के बीच संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।

इस स्वीकृति पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आरंग विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि बेहतर सड़कें ग्रामीण विकास और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

Related Articles

Back to top button