
सक्ती, 30 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत जिले के 85,450 पात्र किसानों के बैंक खातों में कुल 17.09 करोड़ रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से इस किस्त की राशि जारी की। इस अवसर पर जिले से लेकर विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर तक पीएम किसान उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कृषि विभाग जिला सक्ती द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड सक्ती के बीपीआरसी भवन, हरेठी में किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन एवं किस्त जारी करने के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या सिदार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए आर्थिक सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम है। योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग किसान खेती-किसानी की आवश्यकताओं को पूरा करने में कर सकते हैं।
उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों को 24वीं किस्त प्राप्त होने पर बधाई दी। उन्होंने सभी पात्र भूमिधारक किसानों से योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए एग्रीस्टैक, ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग और आधार सीडिंग की प्रक्रिया समय पर पूर्ण कराने की अपील की।
इस दौरान किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम आशा, उर्वरक बिक्री की रूपरेखा (एफएफएस) से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही खेत बचाओ अभियान की जानकारी देकर किसानों को कृषि से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों के प्रति जागरूक किया गया।
जिला स्तरीय पीएम किसान उत्सव कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री आयुष शर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा 200 से अधिक किसान उपस्थित रहे।




