छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

सेवा सेतु से आसान हुई सरकारी सेवाओं तक पहुंच, गांव में ही बन रहे प्रमाण पत्र

कोरिया। छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु व्यवस्था ग्रामीण और शहरी नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं को सहज, सरल और सुलभ बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से अब लोगों को अपने नजदीकी सेवा सेतु एवं अटल डिजिटल सेवा केंद्रों में ही विभिन्न प्रमाण पत्रों सहित अनेक सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है। इससे नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और उनका समय व श्रम भी बच रहा है।

कोरिया जिले के ग्राम खरवत में इस व्यवस्था का लाभ स्थानीय परिवारों को मिल रहा है। गांव निवासी पवन लाल की पुत्री दुर्गावती का अन्य पिछड़ा वर्ग जाति प्रमाण पत्र सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से बनाया गया। वहीं, गांव के कृष्ण कुमार राजवाड़े ने अपनी पुत्री डिम्पल का आय प्रमाण पत्र भी इसी केंद्र से बनवाया। स्थानीय स्तर पर प्रमाण पत्र मिलने से दोनों परिवारों को काफी सुविधा हुई।

ई-जिला प्रबंधक राकेश ने बताया कि सेवा सेतु व्यवस्था के अंतर्गत नागरिकों को सैकड़ों प्रकार की शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सेवाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के लिए जिले के सेवा सेतु केंद्र संचालकों और ऑपरेटरों को विभिन्न सेवाओं तथा आवेदन प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया गया है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी सेवा सेतु एवं अटल डिजिटल सेवा केंद्रों में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं के लिए आवेदन करें। डिजिटल माध्यम से स्थानीय स्तर पर आवेदन की सुविधा मिलने से सरकारी सेवाओं का लाभ लेना पहले की तुलना में अधिक आसान हुआ है।

सेवा सेतु व्यवस्था शासन और नागरिकों के बीच डिजिटल जुड़ाव को मजबूत कर रही है। गांवों में ही प्रमाण पत्र और अन्य शासकीय सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को सुविधा मिल रही है तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सरलता आ रही है।

Related Articles

Back to top button