
रायगढ़ । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नुआखाई पर्व छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, किसानों के परिश्रम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। किसानों की समृद्धि और आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोलता समाज की मांगों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दो सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए कुल 80 लाख रुपये देने की घोषणा की। ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में 30 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन और नगर पंचायत पुसौर में 50 लाख रुपये की लागत से मंगल भवन बनाया जाएगा। उन्होंने बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की।
नुआखाई पर्व हमारी परंपरा और कृषि संस्कृति का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कोलता समाज सहित प्रदेशवासियों को नुआखाई की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व नई फसल के स्वागत और अन्नदाता के योगदान को सम्मान देने का अवसर है। ऐसे त्योहार समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को परंपराओं का महत्व भी समझाते हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था में कृषि की महत्वपूर्ण भूमिका है। किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
केलो परियोजना से खेती को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायगढ़ क्षेत्र के किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए केलो परियोजना पर काम किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि उत्पादन बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। सरकार का प्रयास है कि इन योजनाओं का लाभ किसानों, युवाओं और आम नागरिकों तक पहुंचे तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
प्रधानमंत्री आवास योजना से जरूरतमंदों को मिल रहा सहारा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण होने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पक्का घर परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार देता है।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। इसी दिशा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के निराकरण और सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
नक्सलवाद से मुक्ति के बाद विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। अब प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित करने के साथ पुनर्वास और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना जरूरी है।
उन्होंने आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार का उद्देश्य प्रभावित परिवारों को सम्मानजनक जीवन और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा
समारोह में मुख्यमंत्री ने कोलता समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति और समाज की प्रगति का मजबूत आधार है। युवाओं को अपनी प्रतिभा, मेहनत और आधुनिक शिक्षा के माध्यम से बड़े लक्ष्य हासिल करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करने से दूसरे बच्चों और युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। समाज को शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने और नई पीढ़ी को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास करने चाहिए।
ओपी चौधरी ने समाज की संस्कृति और संस्कारों को सराहा
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कोलता समाज की सांस्कृतिक परंपराओं, मेहनत और सामाजिक मूल्यों का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने रायगढ़ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए साकरा की लिफ्ट सिंचाई परियोजना, पुसौर एवं सरिया में रजिस्ट्री कार्यालय, अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं को क्षेत्र के विकास से जोड़ा। इस दौरान उन्होंने बेलरिया में विधायक निधि से 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनवाने की घोषणा भी की।
शिक्षा, सामाजिक एकता और संस्कृति संरक्षण का संदेश
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी समाजजनों को नुआखाई की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत को सहेजने, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और समाज के जरूरतमंद लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। समारोह में पारंपरिक नुआखाई भोजन का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से कृषि संस्कृति के सम्मान, शिक्षा को प्रोत्साहन और सामुदायिक विकास का संदेश दिया गया।



