छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

स्थानीय बोली में पढ़ाई से निखरती है बच्चों की प्रतिभा, छत्तीसगढ़ी पर गर्व से करें उपयोग: ओपी चौधरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की स्थानीय बोली-भाषाएं प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को शुरुआती शिक्षा उनकी परिचित भाषा और बोली में मिले तो उनकी समझ, बौद्धिक क्षमता, आत्मविश्वास और रचनात्मक प्रतिभा बेहतर तरीके से विकसित होती है। यह बात वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में कही।

रायपुर के न्यू सर्किट हाउस स्थित कन्वेंशन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने छत्तीसगढ़ सहित देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले छत्तीसगढ़िया समाज को राजभाषा दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान पुस्तक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें सिक्किम की विभिन्न भाषाओं में प्रकाशित समाचार पत्रों, बस्तरिया पत्र-पत्रिकाओं और छत्तीसगढ़ के साहित्य को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर साहित्यकारों का सम्मान किया गया और 14 लेखक-लेखिकाओं की पुस्तकों का विमोचन भी हुआ।

मातृभाषा में शिक्षा से मजबूत होती है सीखने की नींव

ओपी चौधरी ने कहा कि जब बच्चे अपनी परिचित भाषा में पढ़ना शुरू करते हैं, तो वे विषयों को आसानी से समझ पाते हैं। इससे उनमें स्वतंत्र रूप से सोचने और अपने विचार व्यक्त करने की क्षमता विकसित होती है। मजबूत बुनियाद तैयार होने के बाद दूसरी भाषाएं सीखना भी उनके लिए आसान हो जाता है।

उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें मातृभाषा और स्थानीय भाषा में शुरुआती शिक्षा को प्रोत्साहित करने के पीछे वैज्ञानिक सोच है। शिक्षा का मकसद केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि बच्चों की मौलिक सोच, रचनात्मकता और स्वाभाविक क्षमताओं को विकसित करना भी होना चाहिए।

गांव के सरकारी स्कूल से आईएएस बनने तक का सफर साझा किया

वित्त मंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी शुरुआती पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल में हुई और 18 वर्ष की उम्र तक वे गांव में ही रहे। परिवार के सदस्य उन्हें पाठ रटने के बजाय विषय को समझने और अपने शब्दों में लिखने के लिए प्रेरित करते थे।

उन्होंने तीसरी कक्षा की एक घटना का जिक्र किया, जब परीक्षा में सुबह जल्दी उठने के फायदों से जुड़े सवाल का जवाब उन्होंने अपने अनुभव और कल्पना के आधार पर लिखा था। उत्तर निर्धारित जवाब से अलग होने पर शिक्षक ने उन्हें डांटा, लेकिन स्कूल के प्रधानपाठक ने उनकी मौलिक अभिव्यक्ति को समझते हुए स्वतंत्र रूप से लिखने के लिए प्रोत्साहित किया।

चौधरी ने बताया कि शुरुआत में वे हिंदी और छत्तीसगढ़ी मिलाकर अपने विचार लिखते थे। धीरे-धीरे हिंदी में लेखन सीखा और जरूरत के अनुसार अंग्रेजी पर भी पकड़ बनाई। पत्र लेखन, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लेने से उनकी अभिव्यक्ति क्षमता मजबूत हुई। उन्होंने बताया कि इसी मौलिक लेखन और लगातार अभ्यास का लाभ उन्हें सिविल सेवा परीक्षा में मिला और निबंध प्रश्नपत्र में देशभर में सर्वाधिक अंक प्राप्त हुए।

बच्चों पर अंकों का दबाव नहीं, प्रतिभा को मिले अवसर

मंत्री ने कहा कि आज बच्चों पर अधिक अंक लाने और प्रतियोगिताओं में शीर्ष स्थान हासिल करने का दबाव बढ़ रहा है। इस सोच से आगे बढ़कर उनकी रुचि, कल्पनाशीलता और स्वाभाविक प्रतिभा को पहचानने की जरूरत है। बच्चों को सवाल पूछने, स्वतंत्र रूप से सोचने और अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने मुंशी प्रेमचंद और जयशंकर प्रसाद जैसे साहित्यकारों का उदाहरण देते हुए कहा कि साहित्य, कला, विज्ञान और तकनीक सहित हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए व्यक्ति की नैसर्गिक प्रतिभा को सम्मान और सही अवसर मिलना जरूरी है। उनके मुताबिक मौलिक चिंतन, अनुसंधान और नवाचार ही ज्ञान आधारित समाज की प्रगति के मजबूत आधार हैं।

छत्तीसगढ़ी का उपयोग मजबूरी नहीं, गर्व से करें

ओपी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ी बोलने, लिखने और दैनिक जीवन में इसके इस्तेमाल को बढ़ावा देना चाहिए। साथ ही हिंदी, अंग्रेजी और दूसरी भाषाओं में भी दक्षता हासिल करनी चाहिए। मातृभाषा का उपयोग किसी मजबूरी के कारण नहीं, बल्कि गर्व और आत्मविश्वास के साथ होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि साहित्य सृजन, पठन-पाठन और आम बोलचाल में छत्तीसगढ़ी को जगह देकर इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा के भाषा संरक्षण और प्रचार-प्रसार के प्रयासों की सराहना भी की।

छत्तीसगढ़ी हमारी संस्कृति और अस्मिता का हिस्सा: गजेन्द्र यादव

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की संस्कृति, परंपरा, माटी और अस्मिता से जुड़ी भाषा है। इसे समृद्ध बनाने और नई पीढ़ी को अपनी राजभाषा से जोड़ने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

समारोह में विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, साहित्यकार, लेखक, कवि, संस्कृति विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में भाषाप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button