छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

बसना चेकपोस्ट पर कार से 52 किलो से ज्यादा चांदी और 3.39 लाख नकद बरामद, दो गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में अंतरराज्यीय चेकिंग के दौरान बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और नकदी बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को पलसापाली अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में उमेश कंसारी निवासी गोबरानवापारा, रायपुर और रोशन कुमार साहू निवासी बेलटूकरी, गरियाबंद सवार थे।

छह बैग में मिली चांदी की सामग्री

तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीट पर रखे छह काले बैग से चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया, अंगूठियां, चेन, कड़े, ब्रेसलेट, करधन, बर्तन और मूर्तियां बरामद की गईं। इसके अलावा चांदी जैसी दिखने वाली छह सिल्लियां भी मिलीं। बरामद सामग्री का कुल वजन रैपर सहित 52 किलो 528 ग्राम बताया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस को कार से 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी मिले।

दस्तावेज नहीं दिखाने पर कार्रवाई

पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से बरामद चांदी और नकदी के स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज, जीएसटी बिल, ई-वे बिल और परिवहन के कागजात मांगे। हालांकि, वे इन सामग्रियों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और न ही संतोषजनक जवाब दे पाए।

इसके बाद पुलिस ने चांदी, नकदी और परिवहन में इस्तेमाल कार को संदिग्ध संपत्ति मानते हुए सीलबंद कर जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button