छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

बच्चों पर टॉपर बनने का दबाव न डालें, उनकी प्रतिभा को पहचानकर दें आगे बढ़ने का मौका: ओपी चौधरी

भिलाई। बच्चों की सफलता का पैमाना केवल परीक्षा में मिले अंक या स्कूल में हासिल की गई रैंकिंग नहीं होनी चाहिए। हर बच्चे में कोई न कोई खास प्रतिभा होती है। जरूरत इस बात की है कि अभिभावक और शिक्षक उसकी रुचि और क्षमता को पहचानें और उसे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। यह बात प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भिलाई के कोहका स्थित रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में कही।

उन्होंने कहा कि जीवन में कामयाबी हासिल करने के लिए अच्छे अंकों के साथ आत्मविश्वास, धैर्य, जुनून और असफलताओं से सीखने की क्षमता भी जरूरी है। बच्चों को केवल टॉपर बनने की दौड़ में शामिल करने के बजाय उनकी रुचि के मुताबिक भविष्य बनाने का अवसर देना चाहिए।

सरकारी नौकरी ही नहीं, कई क्षेत्रों में हैं करियर के अवसर

वित्त मंत्री ने कहा कि आज भारत पहले की तुलना में अधिक विकसित और अवसरों से भरा हुआ देश बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर तैयार हुए हैं। अब करियर का मतलब केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं रह गया है। खेल, कला, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक, स्टार्टअप और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने की व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने युवाओं से इन अवसरों को पहचानने और अपनी प्रतिभा को सही दिशा देने की अपील की।

अभिभावक बच्चों पर न बनाएं टॉपर बनने का दबाव

ओपी चौधरी ने अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास पैदा करने की जिम्मेदारी परिवार और स्कूल दोनों की है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों पर कक्षा में अव्वल आने का अनावश्यक दबाव न डालें। उनकी स्वाभाविक रुचि और क्षमता को समझकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। असफलता मिलने पर बच्चों को निराश होने के बजाय उससे सीख लेने की आदत डालनी चाहिए।

गांव से निकलकर आईएएस बनने तक का सफर साझा किया

कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन और संघर्षों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनका बचपन एक छोटे से गांव में बीता और पढ़ाई के लिए वे भिलाई आए। महज आठ साल की उम्र में पिता का निधन हो गया था। चौथी कक्षा तक पढ़ी उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण किया और शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

ओपी चौधरी ने बताया कि तमाम चुनौतियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और 22 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के लिए चयनित हुए। करीब 13 वर्षों तक प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्होंने रायपुर, जांजगीर-चांपा और दंतेवाड़ा सहित विभिन्न जिलों में कलेक्टर और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मुश्किल हालात किसी की मंजिल तय नहीं करते। दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के सहारे बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

छत्तीसगढ़ में शिक्षा के बढ़ते अवसरों का किया उल्लेख

वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी, एम्स, एनआईटी और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों के साथ निफ्ट, नाइलेट और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से युवाओं को शिक्षा और करियर के नए विकल्प मिल रहे हैं।

उन्होंने भिलाई और छत्तीसगढ़ को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने, आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू करने और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए रूंगटा ग्रुप के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, रूंगटा ग्रुप के संचालक संजय रूंगटा, संतोष रूंगटा, चतुर्भुज राठी, राजेश चौहान सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button