छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

परिसीमन से छत्तीसगढ़ को मिलेंगी 6 नई लोकसभा सीटें और 45 विधायक, CM विष्णुदेव साय बोले- क्षेत्र बढ़ेगा, विकास होगा

रायपुर। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी दी गई है। इस फैसले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र का विस्तार होगा, छत्तीसगढ़ का विकास होगा और अधिक लोगों को प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण के प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी दी गई। प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। साथ ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने का रास्ता तैयार करने की कोशिश की गई है।

प्रस्ताव लागू होने पर छत्तीसगढ़ में विधानसभा की मौजूदा 90 सीटें बढ़कर 135 और लोकसभा की 11 सीटें बढ़कर 17 हो सकती हैं। इस तरह प्रदेश को 45 नए विधायक और 6 अतिरिक्त सांसद मिल सकते हैं।

धान खरीदी पर CM साय बोले- कोई संशय नहीं

धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी को लेकर किसी तरह का संशय नहीं है और खरीदी सुचारु रूप से चल रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है।

लक्ष्मी वर्मा के सड़क हादसे पर दी जानकारी

लक्ष्मी वर्मा के सड़क हादसे को लेकर भी मुख्यमंत्री ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी वर्मा की स्थिति ठीक है। दुर्घटना में उन्हें थोड़ी चोट आई है, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है।

दो दिवसीय जशपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज से दो दिवसीय जशपुर दौरे पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रवास के दौरान सोलर प्लांट का शुभारंभ किया जाएगा। यह प्लांट पंचायत से जुड़ा है, जिससे पंचायत को आमदनी होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का यह पहला गांव है, जहां इस तरह की पहल की गई है। इसके अलावा वह जशपुर में आयोजित कर्मा महोत्सव और एक सामाजिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button