परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी पर CM योगी ने जताया आभार, 2029 में महिला आरक्षण लागू होने की उम्मीद

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करेगा। इससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।
सीएम योगी ने पीएम मोदी का जताया आभार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने से संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का रास्ता साफ होगा।
उन्होंने बताया कि प्रस्ताव की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात बरकरार रखा जाएगा और उसी अनुपात में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे राज्यों की हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका नहीं रहेगी।
‘ऐतिहासिक और स्वागत योग्य पहल है महिला आरक्षण’
सीएम योगी ने कहा कि महिला आरक्षण को शुरुआती तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने और सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने इसे देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में ऐतिहासिक और स्वागत योग्य पहल बताया।
यूपी के सभी 80 सांसदों से समर्थन की अपील
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांसद नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में अपना योगदान दें।
योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, नारी शक्ति का सशक्तीकरण समृद्ध भारत के निर्माण का आधार है। यह आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने का अवसर है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से इस पहल में समर्थन और सहयोग देने का आह्वान किया।




