छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

आम आदमी पार्टी ने मनाया 14वां स्थापना दिवस और संविधान दिवस, जनकल्याणकारी राजनीति का लिया संकल्प

रायपुर । आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपना 14वां स्थापना दिवस और भारतीय संविधान दिवस उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पार्टी की स्थापना के उद्देश्यों, उपलब्धियों और संवैधानिक मूल्यों पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में नेताओं ने कहा कि 26 नवंबर 2012 को राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की स्थापना स्पष्ट विजन के साथ की गई थी। पार्टी का उद्देश्य राजनीति को केवल सत्ता हासिल करने का माध्यम बनाने के बजाय आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक और ठोस बदलाव लाना रहा है।

उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की गईं। सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में सुधार, मोहल्ला क्लीनिकों की शुरुआत और आम लोगों को राहत देने के लिए मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया गया।

पार्टी नेताओं ने बताया कि दिल्ली के बाद पंजाब में भी इसी जनकल्याणकारी सोच के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जा रही है। आम आदमी पार्टी का 14 वर्षों का सफर आम नागरिकों की उम्मीदों, जनभागीदारी और बेहतर एवं आत्मनिर्भर भविष्य के संकल्प से जुड़ा रहा है।

संविधान के मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान 26 नवंबर को मनाए जाने वाले भारतीय संविधान दिवस पर भी चर्चा की गई। नेताओं ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 2026 में इस ऐतिहासिक अवसर के 77 वर्ष पूरे हुए हैं।

इस मौके पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक अधिकारों, समानता और न्याय की भावना की रक्षा करने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के अंत में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पार्टी के 14वें स्थापना दिवस एवं संविधान दिवस के अवसर पर सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रदेश व देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button