
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग दौरे के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सर्व आदिवासी समाज की 16 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कांग्रेस पर आदिवासी समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए लगातार काम कर रही है, लेकिन विपक्ष को सरकार के विकास कार्य दिखाई नहीं देते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष इटालियन चश्मा पहनकर बैठा है।
आदिवासी समाज के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री मंगलवार को करीब छह घंटे के दुर्ग जिला प्रवास पर रहे। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने सर्व आदिवासी समाज की मांगों और प्रदर्शन के ऐलान पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जनजातीय मंत्रालय और छत्तीसगढ़ राज्य गठन का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार आदिवासी समाज के उत्थान और सम्मान के लिए काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद आदिवासी समाज के विकास के लिए अपेक्षित काम नहीं किया।
पंजाब में गठबंधन के सवाल पर दिया जवाब
पंजाब में भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के प्रति देश की जनता का विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बताते हुए कहा कि वर्तमान में 22 राज्यों में भाजपा की सरकार है।
तीन नगर निगमों को 436 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
दुर्ग दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने रिसाली, भिलाई और भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्रों में 436 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। भिलाई नगर निगम क्षेत्र में 154 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
उन्होंने जुनवानी-कोहका मार्ग के लिए 13 करोड़ और जुनवानी-कोहका-कुरूद मार्ग के लिए 14 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा की गई।
रिसाली में 136 करोड़ रुपये की पेयजल योजना की घोषणा की गई। वहीं भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र में 146 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया।
विकास और राजनीतिक बयानबाजी से साधा चुनावी समीकरण
मुख्यमंत्री के दुर्ग दौरे में विकास कार्यों की घोषणाओं के साथ राजनीतिक बयानबाजी भी चर्चा में रही। एक ओर तीनों नगर निगम क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी गई, वहीं दूसरी ओर आदिवासी समाज के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए भाजपा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को सामने रखा गया।
नगरीय निकाय चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और विकास दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण रहा। इस दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




