
बलौदाबाजार। आम आदमी पार्टी के जिला बलौदाबाजार-भाटापारा अध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की शिक्षा और शराब नीति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकारी शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और सरकार 207 सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं को सौंपने की तैयारी कर रही है। इसमें 103 प्राथमिक और 104 मिडिल स्कूल शामिल हैं। उन्होंने इस कदम को गरीब, मजदूर और किसान परिवारों के बच्चों के भविष्य के लिए चिंताजनक बताया।
डहरिया ने कहा कि प्रदेश में बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए नए स्कूल, पर्याप्त शिक्षक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है। इसके बजाय सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं के हवाले करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर सरकार की प्राथमिकता शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है या सरकारी स्कूलों से अपनी जिम्मेदारी कम करना?
उन्होंने शराब नीति पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ सरकारी स्कूलों को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर शराब दुकानों का संचालन सरकार स्वयं कर रही है। प्रदेश में सैकड़ों नई शराब दुकानें शुरू किए जाने और दीपावली के दौरान शराब बिक्री से करीब 54 करोड़ 60 लाख 70 हजार 510 रुपये की आय होने की जानकारी का हवाला देते हुए उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए।
आप जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के युवा बेरोजगारी, किसान फसल नुकसान और कर्ज की समस्या तथा आम नागरिक स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कृषि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि 207 सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं को सौंपने के प्रस्ताव पर सरकार तत्काल पुनर्विचार करे। सरकारी स्कूलों को निजी हाथों में देने के बजाय उनमें पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति, बेहतर भवन, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए।
डहरिया ने कहा कि गरीब, किसान और मजदूर परिवारों के बच्चों को सरकारी शिक्षा व्यवस्था से ही बेहतर भविष्य की उम्मीद रहती है। शराब से राजस्व कमाना विकास का विकल्प नहीं हो सकता। प्रदेश का भविष्य शराब की दुकानों से नहीं, बल्कि अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों से बनेगा।



