
छत्तीसगढ़ में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कवर्धा, कोरबा और सरगुजा जिलों में हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया है। कहीं हाथियों ने घरों में तोड़फोड़ की, तो कहीं खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाया। कोरबा में एक हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटक दिया। वहीं सरगुजा में हाथियों के हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी चिंता जताई है और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
कोरबा में हाथी ने ट्रैक्टर को उठाकर पटका
कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव के जंगल में 11 हाथियों का झुंड पहुंच गया। यह दल धरमजयगढ़ की सीमा पार कर जिल्गा के जंगल में आया था। धान की फसल को हाथियों से बचाने के लिए कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर जंगल की ओर गए थे। वे ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को भगाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक एक हाथी बाहर निकला और ट्रैक्टर की ओर बढ़ने लगा।
हाथी को अपनी तरफ आता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग जान बचाकर ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकले। इसके बाद हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और पैरों से कुचलने लगा। हमले में ट्रैक्टर के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सरगुजा में कबरा हाथी का खौफ बरकरार
सरगुजा संभाग में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। खबर के अनुसार, कबरा नामक हाथी अब तक 17 लोगों की जान ले चुका है और रेडियो कॉलर आईडी के साथ दूसरे हाथियों के दल में शामिल होकर जंगलों में विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम पिछले 15 दिनों से लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है।
इधर, बतौली क्षेत्र में तीन हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। हाथियों ने एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया और करीब पांच एकड़ में लगी करेले की फसल को नुकसान पहुंचाया। हाथियों को भगाने पहुंचे ग्रामीणों को भी हाथियों ने खेत में दौड़ा लिया। लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
कवर्धा में दो घरों में तोड़फोड़
कवर्धा जिले के कुकदुर क्षेत्र में चार हाथियों के दल ने ग्राम केसमरदा और भुरसीपकरी में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के समय बैगा परिवारों के सदस्य घरों में सो रहे थे। अचानक हाथियों के बस्ती में पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण किसी तरह घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे।
हाथियों ने घरों में रखे खाद्य पदार्थों को भी खा लिया और सामान बिखेरकर नुकसान पहुंचाया। लगातार हाथियों की मौजूदगी से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
ड्रोन से निगरानी, सात गांवों में अलर्ट
वनमंडल कवर्धा के बोड़ला क्षेत्र और आसपास के जंगलों में वन विभाग हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। तरेगांव परिक्षेत्र के दलदली सर्किल अंतर्गत मुकाम और दलदली बीट के जंगल में चार हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई। उनका वर्तमान विचरण क्षेत्र रतनछापर बताया गया है।
हाथियों की आवाजाही को देखते हुए सुखझर, दलदली, मुकाम, चेन्द्रादादर, धनवाही, कोयलारी और भुरसीपकरी गांवों को अलर्ट पर रखा गया है। वन विभाग की टीम मैदानी निगरानी के साथ ड्रोन के माध्यम से भी हाथियों की लोकेशन और उनके विचरण मार्ग पर नजर रख रही है। रात में भी निगरानी दल गश्त कर रहे हैं। ग्रामीणों तक समय पर सूचना पहुंचाने के लिए कर्मचारियों को नियमित रूप से जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।
वन मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित
हाथियों की सुरक्षा और संभावित हमलों को देखते हुए बोड़ला क्षेत्र के बैरख, रानीदहरा, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, आमानारा, पेंड्री और छिरपानी की ओर जाने वाले वन मार्गों पर एहतियातन आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। वन विभाग आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।
लगातार हो रही घटनाओं ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वन विभाग की निगरानी के साथ लोगों को भी हाथियों के विचरण वाले जंगलों और रास्तों से दूर रहने तथा हाथियों को भगाने या उनके करीब जाने की कोशिश नहीं करने की जरूरत है।



