क्राइमछत्तीसगढ़राज्यरायपुर

जिन्न और रूहानी ताकत के नाम पर ठगी का खेल, कथित बाबा पर एक करोड़ वसूलने का आरोप

निसंतान दंपतियों और परेशान परिवारों को बनाता था निशाना, सैकड़ों पीड़ित पहुंचे कोतवाली थाना

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कथित तंत्र-मंत्र और रूहानी ताकत के नाम पर लोगों से ठगी का मामला सामने आया है। खुद को बाबा बताने वाले नौशाद पर आरोप है कि वह जिन्न से संपर्क और रूहानी शक्तियों के जरिए लोगों की निजी एवं पारिवारिक समस्याएं दूर करने का दावा करता था। निसंतान दंपतियों को संतान सुख दिलाने से लेकर महिलाओं और बच्चों की परेशानियां खत्म करने का भरोसा देकर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी रसूलपुर इलाके में ‘बाबे शिफा’ नाम से अपना ठिकाना चलाता था। पिछले करीब एक साल से वह लोगों को अपने झांसे में लेकर कथित तंत्र विद्या के नाम पर पैसे मांग रहा था।

आरोप है कि निजी परेशानियों से जूझ रहे परिवारों की मजबूरी और धार्मिक आस्था का फायदा उठाकर उनसे अलग-अलग कामों के नाम पर रकम ली जाती थी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग उसके संपर्क में आ गए।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब सैकड़ों की संख्या में शिकायतकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे। लोगों ने आरोपी पर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं ने उस व्यक्ति की भूमिका की जांच की भी मांग की है, जिसने कथित तौर पर नौशाद को इलाके में लाकर ठहराया था।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस पीड़ितों की संख्या, वसूली गई रकम और कथित ठगी के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी।

Related Articles

Back to top button