छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

Chhattisgarh Creator Awards 2026: सीएम विष्णुदेव साय ने क्रिएटर्स को बताया प्रदेश का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर, युवाओं से पॉडकास्ट शैली में किया संवाद

रायपुर। राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने युवा कंटेंट क्रिएटर्स से पॉडकास्ट शैली में संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं। वे अपनी रचनात्मकता और कैमरे के माध्यम से राज्य की संस्कृति, लोककला, खान-पान, पर्यटन स्थलों और छत्तीसगढ़ी भाषा को देश-दुनिया में नई पहचान दिला रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म आज सूचना और संवाद के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। कंटेंट क्रिएटर्स की पहुंच लाखों लोगों तक है। वे मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और जनहित के मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों की समृद्ध परंपराओं, कला-संस्कृति और अनछुए पर्यटन स्थलों को दुनिया के सामने लाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।

जनता की पसंद से चुने गए क्रिएटर्स, 16 श्रेणियों में हुए पुरस्कार

कार्यक्रम में जनता की सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया गया। इस बार 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।

पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर किया साझा

युवा क्रिएटर्स के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री साय ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन के अनुभव भी साझा किए। पंच से निर्विरोध सरपंच, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक के सफर से जुड़े सवाल पर उन्होंने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए वे सार्वजनिक जीवन में आए।

उन्होंने बताया कि गांव के लोगों ने पहले उन्हें पंच और फिर सरपंच चुना। इसके बाद जनता के आशीर्वाद से विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और अब मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला।

किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता

खेती-किसानी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और खेती को करीब से देखा है। खेती ने उन्हें धैर्य, परिश्रम और जमीन से जुड़े रहने की सीख दी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों की समस्याओं और जरूरतों को समझती है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। पात्रता के अनुसार 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता का लाभ दिया जा रहा है।

नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता का किया जिक्र

नक्सलवाद के खात्मे से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 का दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक रहा। उन्होंने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और सुरक्षा बलों के जवानों के साहस को दिया।

उन्होंने कहा कि बस्तर की कई पीढ़ियों ने हिंसा का दर्द झेला है। अब क्षेत्र में शांति और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर का हर बच्चा बिना डर के स्कूल जाए, हर युवा अपने सपने पूरे करे और प्रत्येक परिवार खुशहाल जीवन जी सके।

बस्तर में विकास और जनसुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने बस्तर में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में राशन दुकानों की उपलब्धता के साथ दूरसंचार सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। वहीं, बस्तर मुन्ने यानी अग्रणी बस्तर अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड बनवाने जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकें।

युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास पर जोर

रोजगार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के साथ उद्योग, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में भी अवसर तैयार किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। एक हजार रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों के लिए विशेष प्रोत्साहन और रियायतों का प्रावधान किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं और महिलाओं के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए कौशल विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं और विभिन्न जिलों में निःशुल्क कोचिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने बस्तर के जगारगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।

2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के मध्य में स्थित है और चार महानगरों से इसकी बेहतर कनेक्टिविटी है। प्रदेश प्राकृतिक संसाधनों, खनिज और वन संपदा से समृद्ध है। यहां लौह अयस्क, कोयला, लिथियम और हीरे जैसे महत्वपूर्ण खनिज उपलब्ध हैं। छत्तीसगढ़ देश का एकमात्र टिन उत्पादक राज्य है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश के खनिज राजस्व में सरकार बनने के बाद से 5 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।

स्थानीय उत्पादों और पर्यटन को डिजिटल पहचान दिलाने की अपील

मुख्यमंत्री साय ने कंटेंट क्रिएटर्स से बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और स्थानीय पर्यटन स्थलों को अपने कंटेंट के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी क्रिएटर्स मदद कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिएटर्स की एक रील किसी महिला के छोटे व्यवसाय को नई पहचान दिला सकती है और उसके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।

उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सीखने तथा अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का उपयोग हमें करना चाहिए, न कि तकनीक हमें नियंत्रित करे। उन्होंने युवाओं को व्यायाम, खेलकूद और परिवार के साथ समय बिताने की भी सलाह दी।

क्रिएटर्स के साथ ली सेल्फी, विजेताओं को दी बधाई

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने युवा कंटेंट क्रिएटर्स के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने क्रिएटर्स को छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, पर्यटन, जनजातीय परंपराओं और विकास की कहानियों को डिजिटल माध्यमों से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने क्रिएटर्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।

Related Articles

Back to top button