
राजधानी रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी सेक्टर-1 में भैया तालाब के पास स्थित जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग शासकीय जमीन को निजी बताकर उस पर कब्जा करने और बेचने की तैयारी कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद जोन कमिश्नर ने मामले की जांच कराई और अब जमीन का दोबारा सीमांकन कराने के लिए तहसीलदार को पत्र लिखा है।
मोहल्लेवासियों के मुताबिक, तालाब के पास खाली पड़ी जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही है। उनका आरोप है कि वहां लगाया गया सूचना बोर्ड भी उखाड़कर फेंक दिया गया। शिकायतकर्ताओं ने यह भी बताया कि विवादित जमीन का कुछ हिस्सा लगभग 60 फीट चौड़ी सड़क के दायरे में आता है। सड़क का संबंधित हिस्सा अभी पक्का नहीं बना है, जिसका फायदा उठाकर वहां कब्जे की कोशिश किए जाने की आशंका है।
ऑनलाइन रिकॉर्ड से नहीं हुआ खसरा नंबर का मिलान
शिकायत के बाद जोन कमिश्नर ने इंजीनियरों की टीम भेजकर प्रारंभिक जांच कराई। जांच में जिस खसरा नंबर के आधार पर जमीन पर दावा किया जा रहा है, उसका ऑनलाइन रिकॉर्ड से मिलान नहीं होने की बात सामने आई। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि शासकीय जमीन को निजी बताने के लिए दस्तावेजों में हेरफेर की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
सीमांकन के बाद होगी आगे की कार्रवाई
जोन कमिश्नर ने तहसीलदार को पत्र लिखकर पारदर्शी तरीके से दोबारा सीमांकन कराने कहा है। उनका कहना है कि प्रारंभिक जांच में जमीन शासकीय प्रतीत होती है। सीमांकन की रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




