सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले की कोंटा विधानसभा के विधायक कवासी लखमा की क्षेत्र में अनुपस्थिति को लेकर अब स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सवाल उठाए हैं। ग्राम पंचायत गोंडपल्ली, गोंडेरास और अफड़ी के तीन सरपंचों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विधायक की मौजूदगी की जानकारी मांगी है। सरपंचों का दावा है कि कवासी लखमा करीब दो वर्षों से क्षेत्रीय दौरों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर नहीं आए हैं। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याएं उन तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है।
‘विधायक कहां हैं, जनता को जानकारी दी जाए’
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में सरपंचों ने कहा है कि कोंटा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और वन अधिकारों से जुड़ी कई समस्याएं लंबित हैं। इनका समाधान कराने के लिए लोगों को अपने विधायक की जरूरत है, लेकिन लंबे समय से उनकी क्षेत्र में अनुपस्थिति के कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सरपंचों ने ज्ञापन में लिखा है कि जनता के बीच यह जिज्ञासा और चिंता बनी हुई है कि विधायक कहां हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि कवासी लखमा के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को उनकी स्थिति का पता चल सके।
शराब घोटाले में जमानत के बाद छत्तीसगढ़ आने पर शर्त
गौरतलब है कि पूर्व मंत्री और कोंटा विधायक कवासी लखमा छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले से जुड़े मामलों में आरोपी हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू)-एसीबी की जांच के दौरान उन्हें जेल जाना पड़ा था।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने 3 फरवरी 2026 को शराब घोटाले से जुड़े ईडी और ईओडब्ल्यू-एसीबी के मामलों में उन्हें अंतरिम जमानत दी थी। जमानत के साथ अदालत ने शर्त रखी थी कि वे अदालत में पेशी के अलावा छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश नहीं करेंगे। सुनवाई से एक दिन पहले राज्य में आने की अनुमति दी गई थी। इसके अलावा उन्हें अपना पासपोर्ट विशेष अदालत में जमा करने और विदेश यात्रा नहीं करने का निर्देश भी दिया गया था।
इसी कानूनी पाबंदी के चलते कवासी लखमा की क्षेत्र में गैरमौजूदगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उनके वर्तमान ठिकाने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।




