छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

सुकमा में नक्सली डंप से मिले 10 लाख रुपये पर प्रशासन ने मांगे दावे, एक सप्ताह का दिया समय

सुकमा। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नक्सली डंप से बरामद 10 लाख रुपये की नकदी को लेकर जिला प्रशासन ने वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन ने जब्त राशि पर किसी व्यक्ति, संस्था या अन्य पक्ष का वैध अधिकार होने की स्थिति में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया है। इसके लिए संबंधित पक्षों को एक सप्ताह का समय दिया गया है।

यह मामला थाना केरलापाल क्षेत्र के अपराध क्रमांक 10/2026 से जुड़ा है। पुलिस कार्रवाई के दौरान नक्सली डंप से 10 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई थी। अब इस राशि को जब्त रखने और आगे की कार्रवाई के संबंध में नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

गृह विभाग के प्रमुख सचिव के समक्ष कर सकेंगे दावा

प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई आर्म्स एक्ट की धारा 25 और विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1967 की धारा 17 एवं 40 के तहत की जा रही है। यदि किसी व्यक्ति या संस्था का जब्त नकदी पर वैध स्वामित्व या दावा है, तो वह संबंधित दस्तावेज और प्रमाण प्रस्तुत कर सकता है।

दावा-आपत्ति समाचार प्रकाशन की तारीख से सात दिनों के भीतर अभिहित प्राधिकारी प्रमुख सचिव, छत्तीसगढ़ शासन, गृह विभाग के समक्ष जमा करनी होगी। इसके लिए मंत्रालय, महानदी भवन, तृतीय तल, नवा रायपुर स्थित कक्ष क्रमांक 5-3-10 में आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।

समय सीमा के बाद नहीं मिलेगा मौका

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों की सक्षम स्तर पर जांच की जाएगी। एक सप्ताह की समय-सीमा समाप्त होने के बाद मिलने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके बाद प्रचलित कानूनी प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का इस नकदी पर वैध अधिकार है, तो वह निर्धारित समय के भीतर जरूरी दस्तावेजों के साथ अपना दावा पेश करे।

Related Articles

Back to top button