
रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों की मौजूदगी में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस बार साहित्य उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की दृष्टि से समृद्ध प्रदेश है। यहां की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में जनजीवन, सामाजिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना की झलक मिलती है। रायपुर साहित्य उत्सव इस विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ साहित्यिक संवाद और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
पिछले आयोजन की सफलता के बाद इस बार होगा भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के दौरान सीमित समय में रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया गया था। साहित्यकारों, आयोजन समिति और सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन सफल रहा और देशभर में इसकी चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि इस बार उत्सव को और अधिक व्यापक, भव्य और गरिमामय स्वरूप दिया जाना चाहिए, ताकि रायपुर साहित्य उत्सव देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी अलग पहचान बना सके। यह आयोजन केवल साहित्यिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर विचारों के आदान-प्रदान, सांस्कृतिक विविधता के सम्मान और रचनात्मक संभावनाओं के विस्तार का मंच बने।
जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य को मिलेगा विशेष स्थान
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित प्रदेश की विभिन्न भाषाओं और बोलियों में लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्य की अनमोल विरासत मौजूद है।
इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण और संरक्षण जरूरी है। मुख्यमंत्री ने साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुखता देने की बात कही। इससे नई पीढ़ी अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकेगी।
‘युवा भारत’ थीम पर युवाओं को मिलेगा रचनात्मक मंच
इस वर्ष की थीम ‘युवा भारत’ को प्रासंगिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता, विचारों की बहुलता और साझा भविष्य के संकल्प को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि साहित्य समाज की संवेदनशीलता, विचारशीलता और रचनात्मक चेतना को समृद्ध करता है। ऐसे आयोजनों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने, विचार साझा करने और स्थापित साहित्यकारों से सीखने का अवसर मिल सके।
मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष साहित्य उत्सव के तहत प्रदेशभर में आयोजित कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर और मंच देने की है। रायपुर साहित्य उत्सव उभरते रचनाकारों को पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
साहित्यकारों ने दिए आयोजन को बेहतर बनाने के सुझाव
कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने पिछले वर्ष के साहित्य उत्सव से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने आगामी आयोजन को और प्रभावशाली बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
साहित्यकारों ने कहा कि राजधानी में इतने व्यापक स्तर पर साहित्य महोत्सव का आयोजन प्रदेश के साहित्यिक जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पिछले आयोजन से साहित्यकारों और रचनाकारों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इस पहल से छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की संभावनाएं बढ़ी हैं।
उन्होंने साहित्य, कला और संस्कृति के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार की पहल की सराहना की और आगामी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता का भरोसा दिलाया।
कई वरिष्ठ साहित्यकार और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, छत्तीसगढ़ी राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित प्रदेशभर से आए वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, लेखक और साहित्य जगत से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने सभी साहित्यकारों और आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि सामूहिक प्रयासों से रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।




