
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होने वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से पहले अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के ग्राम बरवासन में संयुक्त जांच टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 240 बोरी धान जब्त किया है।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में तहसील पेण्ड्रारोड अंतर्गत ग्राम बरवासन में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की टीम ने जांच की। इस दौरान ग्राम निवासी राजेंद्र गुज्जर की बाड़ी में ट्रैक्टर पर रखी 35 बोरी और खुले में रखी 100 बोरी धान मिली। यहां से कुल 135 बोरी धान जब्त किया गया।
इसी तरह जीवन सिंह मारको के यहां जांच के दौरान 105 बोरी धान का अवैध भंडारण पाया गया। दोनों स्थानों से जब्त कुल 240 बोरी धान को ग्राम कोटवार की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
दूसरे किसान के खेत से धान लाकर रखने की जानकारी
जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में बताया गया कि उनके खेतों में अभी तक धान की कटाई और मिसाई नहीं हुई है। वहीं यह जानकारी भी सामने आई कि जब्त धान किसी अन्य किसान के खेत से लाकर भंडारित किया गया था। इसके बाद संयुक्त टीम ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की।
धान खरीदी व्यवस्था पर प्रशासन की कड़ी नजर
राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो रही है। खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने जिलेभर में निगरानी बढ़ा दी है। खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर नजर रखी जा रही है।
राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जांच कर रही हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध भंडारण, परिवहन और अनियमित बिक्री के मामलों में जांच एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




