
रायपुर । बस्तर जिले के किसानों के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान रविवार 15 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। जिला प्रशासन ने खरीदी की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 88 उपार्जन केंद्रों में 15 जनवरी तक धान खरीदी की जाएगी। अभियान के पहले दिन 8 उपार्जन केंद्रों में 13 किसानों के टोकन जारी किए गए हैं। इनके माध्यम से कुल 50.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है।
जिला विपणन अधिकारी के अनुसार 14 नवंबर तक जारी टोकनों के आंकड़ों से ऑनलाइन व्यवस्था के प्रति किसानों का उत्साह सामने आया है। पहले दिन के लिए जारी 13 टोकनों में से 11 टोकन ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से तथा 2 टोकन समितियों के जरिए जारी किए गए हैं। ऐप के माध्यम से 41.44 मीट्रिक टन और समितियों के माध्यम से 9 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीयन हुआ है।
पहले दिन सबसे अधिक 4 टोकन बड़ेमारेंगा उपार्जन केंद्र में जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 19.40 मीट्रिक टन धान की खरीदी होगी। इसके अलावा मुली केंद्र में 2 टोकन से 8.60 मीट्रिक टन, रेटावंड/बालेंगा में 2 टोकन से 6.32 मीट्रिक टन, सोनपुर में 1 टोकन से 5.76 मीट्रिक टन, नदीसागर में 1 टोकन से 3.88 मीट्रिक टन, कचनार में 1 टोकन से 2.48 मीट्रिक टन, बडान्जी में 1 टोकन से 2 मीट्रिक टन तथा लोहण्डीगुडा/धुरागांव केंद्र में 1 टोकन से 2 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जाएगी।
9 नए उपार्जन केंद्रों की हुई स्थापना
दूर-दराज के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए इस वर्ष जिले में 9 नए धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिले में कुल 51,068 किसान धान विक्रय के लिए पंजीकृत हैं। इनके पास कुल 67,538.0160 हेक्टेयर रकबा पंजीकृत है।
धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए कुल टोकनों में से 70 प्रतिशत टोकन ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन जारी किए जा रहे हैं। वहीं शेष 30 प्रतिशत टोकन उपार्जन केंद्रों और समितियों के माध्यम से वितरित किए जाएंगे। इससे किसानों को घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी और समितियों में भी टोकन लेने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
किसानों के लिए निर्धारित किए गए नियम
शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार रकबे के आधार पर सीमांत किसानों को अधिकतम एक, लघु किसानों को दो और दीर्घ किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी करने की पात्रता दी गई है। ऑनलाइन टोकन पंजीयन की सुविधा रविवार से शुक्रवार तक 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। शनिवार, रविवार और अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में धान की तौल नहीं होगी। साथ ही टोकन जारी होने वाले दिन ही तौल की तारीख चुनने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा केवल उन्हीं किसानों के टोकन जारी किए जाएंगे, जिनके बैंक और ऋण खाते विधिवत सत्यापित होंगे। टोकन में प्रति बोरा 0.40 क्विंटल के निर्धारित अनुपात से प्रविष्टि करना अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने सभी पंजीकृत किसानों से निर्धारित नियमों का पालन करने, समय पर टोकन प्राप्त करने और निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर अपनी उपज का सुगम विक्रय सुनिश्चित करने की अपील की है।




