छत्तीसगढ़राज्य

पीएम स्वनिधि योजना से छोटे कारोबारियों को मिला आत्मनिर्भरता का अवसर : अरुण साव

स्वनिधि महोत्सव में पथ विक्रेताओं से किया सीधा संवाद, उत्कृष्ट बैंकों और नगरीय निकायों का सम्मान

लाभार्थियों को चेक, यूपीआई पेमेंट बॉक्स और प्रशस्ति पत्र वितरित, वित्तीय साक्षरता और डिजिटल भुगतान पर दिया जोर

रायपुर । नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) द्वारा राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने पथ विक्रेताओं से सीधा संवाद कर उनके व्यवसाय, परिवार और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को चेक, यूपीआई पेमेंट बॉक्स और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों, बैंक शाखाओं और नगरीय निकायों को सम्मानित किया।

‘उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम’ थीम पर आयोजित इस महोत्सव में स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए। उप मुख्यमंत्री ने इन स्टॉलों का अवलोकन किया और पथ विक्रेताओं से उनके कारोबार के संबंध में चर्चा की। कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता और डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष जानकारी दी गई। इसके अलावा प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया।

मेहनतकश लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही पीएम स्वनिधि योजना

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेहनतकश लोगों की समस्याओं को समझते हुए पीएम स्वनिधि योजना की शुरुआत की थी। इस योजना ने छोटे कारोबारियों को साहूकारों पर निर्भरता से बाहर निकालकर बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर दिया है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का कल्याण ही विकसित भारत के निर्माण का आधार है।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में जब सड़कें सूनी थीं, कारोबार बंद हो गए थे और लोगों के सामने रोजगार तथा परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया था, तब प्रधानमंत्री ने सड़क किनारे छोटे-मोटे व्यवसाय करने वाले लोगों की चिंता की। जून 2020 में पीएम स्वनिधि योजना शुरू कर ऐसे कारोबारियों को दोबारा अपना व्यवसाय खड़ा करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की पहल की गई।

श्री साव ने पथ विक्रेताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कोई भी काम छोटा नहीं होता। रेहड़ी, ठेले और सड़क किनारे दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले लोग शहर और प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी मेहनत से परिवारों का पालन-पोषण होता है और शहरों की रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी होती हैं।

उन्होंने लाभार्थियों से अपने कारोबार को लगातार आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लाभार्थी का लक्ष्य योजना के तीसरे चरण तक पहुंचकर 50 हजार रुपए का ऋण प्राप्त करना और अपने व्यवसाय का विस्तार करना होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले स्वनिधि महोत्सव में ऐसे अनेक कारोबारी शामिल होंगे, जिन्होंने तीसरे चरण का ऋण प्राप्त कर लिया होगा और उनके पास यूपीआई क्रेडिट कार्ड भी होगा।

बिना गारंटी ऋण और ब्याज अनुदान से मिल रही सहायता

सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत जरूरतमंद पथ विक्रेताओं को बिना गारंटर के ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण की किस्त चुकाने वाले लाभार्थियों को 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी मिलता है। यह योजना छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने बताया कि वर्ष 2030 तक शहर के 53 हजार स्ट्रीट वेंडर्स को योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक रायपुर में 33 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को योजना से लाभान्वित किया जा चुका है। उन्होंने महिला उद्यमियों से भी योजना का लाभ लेकर अपने व्यवसाय का विस्तार करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने की अपील की।

छत्तीसगढ़ में 1.23 लाख से अधिक पथ विक्रेता योजना से लाभान्वित

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने योजना के उद्देश्यों और प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में एक लाख 23 हजार से अधिक पथ विक्रेता पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ये पथ विक्रेता राज्य और देश की अर्थव्यवस्था में भी योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने नगरीय निकायों और बैंकों से संवेदनशीलता के साथ अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स तक योजना का लाभ पहुंचाने तथा उन्हें वित्तीय और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे एवं सभापति सूर्यकांत राठौर उपस्थित थे। इसके अलावा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेशकुमार क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, पार्षदगण, विभिन्न नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थी शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button