
रायपुर । राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए वीर जवानों का त्याग एवं समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। शहीदों का बलिदान केवल उनका व्यक्तिगत त्याग नहीं होता, बल्कि उनका पूरा परिवार भी राष्ट्र के लिए अनेक कुर्बानियां देता है। शहीद परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
राज्यपाल रमेन डेका रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित शौर्य दिवस समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों का सम्मान कर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग केवल किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उनके सुख-दुख में सहभागी बनना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले जवानों और उनके परिवारों के प्रति राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा।
राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बावजूद जवानों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया है। प्रदेश की शांति और सुरक्षा के लिए अनेक जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।
उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना और राष्ट्र के विकास में योगदान देना भी सच्ची देशभक्ति है।
राज्यपाल ने सभी नागरिकों से शहीदों के त्याग और बलिदान को सदैव याद रखने तथा सशक्त, समृद्ध, सुरक्षित एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने की अपील की।
सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को मिली प्रोत्साहन राशि
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय सेना में शामिल होने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इसमें सैनिक स्कूल में अध्ययनरत अंकित पटेल, तोयम पटेल, स्तव्य साहू, जयेश सिदार और सृष्टि राठिया शामिल रहे। इसके अलावा कक्षा नौवीं के नवनीत मेहर, भुवनेश पटेल एवं अर्नव गुप्ता को भी प्रोत्साहन राशि दी गई।
इसी क्रम में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी, चेन्नई की कलाडी श्रीनिधि और भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के आर. बालाजी को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रिगेडियर आर. शंकर, कमांडेंट अजय सिंह बिसेन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।




