
रायपुर । डिजिटल माध्यमों के जरिए शासकीय सेवाओं को सरल और सुलभ बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का लाभ अब नागरिकों को सीधे मिल रहा है। सेवा संकल्प अभियान 2026 के दौरान मनेन्द्रगढ़ विकासखंड की निवासी बेबी अग्रवाल को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने पर महज एक दिन में प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ।
आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता होने पर बेबी अग्रवाल ने ऑनलाइन माध्यम से आवेदन किया। प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें अगले ही दिन प्रमाण पत्र मिल गया। त्वरित सेवा से उनका जरूरी काम समय पर पूरा हो सका और कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता भी नहीं पड़ी।
ऑनलाइन व्यवस्था से बची समय और मेहनत
बेबी अग्रवाल ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया आसान रही। कम समय में प्रमाण पत्र उपलब्ध होने से उन्हें काफी सुविधा हुई। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था के कारण अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली और समय तथा मेहनत दोनों की बचत हुई।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के साथ अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। इससे सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
सेवा संकल्प अभियान से नागरिकों को मिल रही जानकारी
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने के लिए जागरूकता एवं सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में प्रमाण पत्र संबंधी सेवाओं के अलावा आवास, आयुष्मान कार्ड, कृषि एवं किसान कल्याण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
डिजिटल सुशासन की दिशा में बढ़ता कदम
बेबी अग्रवाल का अनुभव बताता है कि ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार से नागरिकों के लिए शासकीय प्रक्रियाएं अधिक सुविधाजनक हो रही हैं। घर बैठे आवेदन और कम समय में दस्तावेज प्राप्त होने से लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से राहत मिल रही है।
त्वरित सेवा से प्रसन्न बेबी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से कम समय में आवश्यक प्रमाण पत्र मिलना आम नागरिकों के लिए सुविधा और समय की बचत दोनों का माध्यम बना है।



