किसानों की कर्ज माफी और 3,358 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी की मांग को लेकर AAP की जिला टीम गिरफ्तार, कार्यक्रम के बाद सभी रिहा
किसानों की संपूर्ण कर्ज माफी, फसल नुकसान का मुआवजा और 3,358 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने जा रहे आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया सहित जिला टीम को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मुख्यमंत्री के सुहेला दौरे के दौरान हुई इस कार्रवाई के बाद कार्यक्रम समाप्त होने पर सभी को रिहा किया गया।

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बलौदाबाजार जिले के सिमगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सुहेला दौरे के दौरान किसानों की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने जा रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया के नेतृत्व में पार्टी की टीम मुख्यमंत्री को किसानों की समस्याओं से अवगत कराने जा रही थी, लेकिन ज्ञापन सौंपने से पहले ही बलौदाबाजार कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम ने कोकड़ी स्थित रिसदा मोड़ के पास सभी को रोककर गिरफ्तार कर लिया और कोतवाली थाने ले गई। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया गया।

आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगों में बेमौसम बारिश और तूफान से प्रभावित किसानों को फसल नुकसान का उचित मुआवजा देना, छत्तीसगढ़ के किसानों का संपूर्ण कृषि कर्ज माफ करना तथा धान खरीदी की कुल राशि 3,358 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करना शामिल है। पार्टी का कहना है कि वर्तमान समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल में प्रथम कृषक कल्याण योजना के तहत घोषित 917 रुपये की अंतर राशि जोड़कर किसानों को कुल 3,358 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ दिया जाना चाहिए।

इस संबंध में मीडिया से चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। प्रदेश के किसान बेमौसम बारिश और तूफान से फसल को हुए नुकसान के कारण गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में किसानों को राहत देने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने से रोकना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है। यदि किसानों के हित में आवाज उठाने पर पुलिस प्रशासन द्वारा गिरफ्तारी या दबाव बनाने की कोशिश की जाती है, तब भी आम आदमी पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है। पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से किसानों की मांगों को उठाती रहेगी। जब तक छत्तीसगढ़ के किसानों को उनका पूरा हक और अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
गिरफ्तार किए गए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों में जिला प्रभारी सहदेव डाडेकर, लोकसभा उपाध्यक्ष जगन्नाथ महिलांग, बलौदाबाजार विधानसभा प्रभारी कमल महान, जिला किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष फूलदास, जिला अनुसूचित जाति विंग अध्यक्ष कामदेव बघेल, जिला किसान प्रकोष्ठ सचिव हीरालाल, ब्लॉक अध्यक्ष नेमन दास, संतोष यादव, भारत सिंह चौहान, कसडोल विधानसभा संगठन मंत्री राजकुमार बंजारे, खिलावन प्रसाद, संजन लाल, समालिया सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।
आम आदमी पार्टी ने दोहराया कि किसानों की संपूर्ण कर्ज माफी, प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान का उचित मुआवजा और धान का लाभकारी मूल्य पार्टी के प्रमुख मुद्दे हैं। पार्टी किसानों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर शासन-प्रशासन तक लगातार लड़ती रहेगी।




