छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आंदोलन को विकास उपाध्याय का समर्थन, भाजपा सरकार पर लगाया कर्मचारियों की अनदेखी का आरोप

माना तूता धरना स्थल पर आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने समर्थन देते हुए भाजपा सरकार पर कर्मचारियों की अनदेखी और जनहित के कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की विभिन्न मांगों को लेकर जारी आंदोलन को कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने समर्थन दिया। माना तूता धरना स्थल पर पिछले तीन दिनों से आंदोलनरत छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ की बहनों के बीच पहुंचकर उन्होंने उनकी मांगों को जायज बताया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान विकास उपाध्याय ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियां निभाती हैं। कोरोना महामारी के कठिन समय से लेकर कुपोषण के खिलाफ अभियान, चुनावी कार्य और महतारी वंदन योजना के फॉर्म भरवाने तक, हर स्तर पर इन बहनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके बावजूद आज उन्हें अपने अधिकारों और उचित मानदेय के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में शासन व्यवस्था का हाल ऐसा हो गया है कि जनता के काम करने वाली संस्थाओं के कर्मचारी ही हड़ताल और आंदोलन करने को मजबूर हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठी हैं, पटवारी हड़ताल कर रहे हैं और विभिन्न विभागों के कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में आम जनता अपने जरूरी कामों के लिए कहां जाए? सरकार को न कर्मचारियों की परेशानियों की चिंता है और न ही जनता की समस्याओं से कोई सरोकार रह गया है।

विकास उपाध्याय ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी केवल योजनाओं की घोषणा और प्रचार करना नहीं, बल्कि उन योजनाओं को धरातल पर उतारने वाले कर्मचारियों को सम्मान, उचित पारिश्रमिक और उनका अधिकार देना भी है। भाजपा सरकार को चुनाव के समय ही कर्मचारियों और जनता की याद आती है, जबकि सत्ता में आने के बाद उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 6,500 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये किया था। इसके अलावा सेवा समाप्ति पर आर्थिक सहायता की व्यवस्था करते हुए कार्यकर्ताओं के लिए 25,000 रुपये और सहायिकाओं के लिए 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की नीति बनाई गई थी। कांग्रेस सरकार ने हमेशा मेहनतकश वर्ग के सम्मान और अधिकारों को प्राथमिकता दी है।

विकास उपाध्याय ने आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनकी जायज मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की जायज मांगों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। इन बहनों को उचित पारिश्रमिक, सम्मान और उनका अधिकार दिलाना कांग्रेस की प्रतिबद्धता है।

Related Articles

Back to top button