छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

आरंग, मंदिर हसौद और समोदा में धान खरीदी पोर्टल की गड़बड़ियों से किसान परेशान, रकबा कटौती और DCA लंबित होने से समर्थन मूल्य पर फसल बेचने का संकट

आरंग/मंदिर हसौद, चंदखुरी, रायपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही आरंग विधानसभा क्षेत्र के आरंग, मंदिर हसौद और समोदा तहसील के गांवों में किसानों की समस्याएं बढ़ गई हैं। सरकारी पोर्टल में त्रुटियों और प्रशासनिक लापरवाही के कारण किसानों को अपनी धान की फसल बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में धान की फसल तैयार है, लेकिन ऑनलाइन रिकॉर्ड में धान के स्थान पर अन्य फसल दर्ज होने, रकबा कम दिखने और डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCA) का कार्य लंबित होने से किसान धान खरीदी का टोकन प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं।

क्षेत्र के किसानों के अनुसार, खरीफ सीजन में उन्होंने अपने खेतों में धान की खेती की है, लेकिन ऑनलाइन पोर्टल पर कई जगह धान के बजाय अन्य फसल दर्ज कर दी गई है। वहीं अनेक किसानों का कृषि रकबा भी कम कर दिया गया है। कई गांवों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम पूरा नहीं होने से किसानों के सामने अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने का संकट खड़ा हो गया है।

प्रशासनिक लापरवाही से परेशान किसान

किसानों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों द्वारा समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं किया जा रहा है। किसान अपनी समस्याओं को लेकर तहसील कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिल पा रही है। किसानों में इस स्थिति को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

परमानंद जांगड़े ने सरकार और प्रशासन पर उठाए सवाल

आम आदमी पार्टी के नेता परमानंद जांगड़े ने इस मामले में सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आरंग, मंदिर हसौद और समोदा क्षेत्र के किसानों को पोर्टल की त्रुटियों, रकबा कटौती और DCA की समस्या के कारण उनकी मेहनत की फसल बेचने में बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन समस्याओं के चलते किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान बेचने के अधिकार से वंचित हो सकते हैं और उन्हें मजबूरी में अपनी फसल कम कीमत पर बेचनी पड़ सकती है।

जांगड़े ने कहा कि किसानों की गाढ़ी कमाई और उनके अधिकारों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को तत्काल पोर्टल की त्रुटियां सुधारनी चाहिए, गलत दर्ज फसल का रिकॉर्ड दुरुस्त करना चाहिए और प्रभावित किसानों के रकबे का दोबारा सत्यापन कराना चाहिए।

समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेगी आम आदमी पार्टी

परमानंद जांगड़े ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी आरंग, मंदिर हसौद और समोदा क्षेत्र के किसानों को साथ लेकर सड़क पर उतरेगी और जोरदार आंदोलन करेगी।

उन्होंने मांग की कि सभी प्रभावित किसानों के रिकॉर्ड में सुधार किया जाए, लंबित DCA सर्वे तत्काल पूरा कराया जाए, रकबा कटौती की जांच हो तथा पात्र किसानों को बिना किसी परेशानी के धान बेचने के लिए टोकन जारी किया जाए, ताकि कोई भी किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने से वंचित न रहे।

Related Articles

Back to top button