
रायपुर में हॉकी का रोमांच चरम पर, ओलंपियन खिलाड़ियों की मौजूदगी से बढ़ा प्रतियोगिता का आकर्षण
पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह कर रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन, सभी मुकाबलों का हो रहा लाइव प्रसारण
रायपुर । छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने और स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग-2026 खेल प्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इस पहल के तहत रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे सभी मुकाबलों का जियोहॉटस्टार पर सीधा प्रसारण किया जा रहा है। इससे प्रदेश की हॉकी का रोमांच स्टेडियम से निकलकर देशभर और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंच रहा है।
21 अक्टूबर से शुरू हुई इस लीग में विभिन्न टीमों के खिलाड़ी अपने खेल कौशल, रणनीति और दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में ओलंपियन और अनुभवी हॉकी खिलाड़ियों की भागीदारी ने मुकाबलों को खास बना दिया है। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं ओलंपियन सरदार सिंह लीग के ब्रांड एम्बेसडर हैं। उनकी उपस्थिति युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
शुरुआती मुकाबलों में दिखा खिलाड़ियों का दम
लीग के उद्घाटन अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबले में ओलंपियन सुरेन्द्र सिंह की कप्तानी वाली न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराया। इस मैच में केतन कुशवाहा को उनके प्रदर्शन के लिए ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इस मुकाबले ने लीग में आगे होने वाले मैचों के प्रति दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
महिला हॉकी को भी मिल रहा प्रोत्साहन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा को सामने लाने के उद्देश्य से प्रदर्शनी मुकाबला भी आयोजित किया गया। 22 अक्टूबर को खेले गए मैच में इंद्रावती टाइग्रेस ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए महानदी फाल्कन्स को 4-1 से पराजित किया। महिला टीमों की भागीदारी ने प्रतियोगिता को व्यापक स्वरूप दिया और प्रदेश में महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को भी मजबूती प्रदान की।
29 अक्टूबर तक लीग मुकाबले, 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल
प्रतियोगिता के लीग चरण में 29 अक्टूबर तक प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच शाम 5:30 बजे, जबकि चक्रधर चैम्पियन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच शाम 7:30 बजे मुकाबला होगा।
24 अक्टूबर को राजधानी रॉयल्स और चक्रधर चैम्पियन्स तथा न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगे। 25 अक्टूबर को न्यायधानी नाइट्स का मुकाबला बैलाडीला बुल्स से और राजधानी रॉयल्स का मुकाबला मैनपाट टाइटन्स से होगा।
26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स तथा चक्रधर चैम्पियन्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मैच खेले जाएंगे। 27 अक्टूबर को न्यायधानी नाइट्स और चक्रधर चैम्पियन्स के साथ राजधानी रॉयल्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीमें मैदान पर उतरेंगी।
28 अक्टूबर को न्यायधानी नाइट्स का सामना मैनपाट टाइटन्स से और राजधानी रॉयल्स का मुकाबला बैलाडीला बुल्स से होगा। वहीं, 29 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स तथा चक्रधर चैम्पियन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच लीग चरण के मुकाबले खेले जाएंगे। सभी निर्धारित मैच शाम 5:30 बजे और 7:30 बजे शुरू होंगे।
राज्य स्थापना दिवस पर होगा खिताबी मुकाबला
30 अक्टूबर को टीमों के विश्राम के बाद 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। पहला सेमीफाइनल शाम 5:30 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। इन मुकाबलों में जीत दर्ज करने वाली टीमें फाइनल में प्रवेश करेंगी।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को शाम 5:30 बजे लीग का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस खिताबी भिड़ंत के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा।
प्रदेश की हॉकी को नई पहचान देने की पहल
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग केवल प्रतिस्पर्धात्मक खेल आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और हॉकी के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। अनुभवी खिलाड़ियों की भागीदारी, महिला हॉकी को प्रोत्साहन और जियोहॉटस्टार पर लाइव प्रसारण के माध्यम से इस प्रतियोगिता को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
रायपुर में आयोजित यह लीग स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दे रही है। वहीं, डिजिटल प्रसारण के जरिए छत्तीसगढ़ की हॉकी को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। अब खेल प्रेमियों की नजरें 1 नवंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां लीग की दो सर्वश्रेष्ठ टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।




