छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

महासमुंद में अवैध धान परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 3464 कट्टा धान जब्त; 19 मामले दर्ज

महासमुंद । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही महासमुंद जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। प्रशासन की संयुक्त टीमों ने 1 से 17 नवंबर तक कार्रवाई करते हुए 3464 कट्टा धान जब्त किया है। इसकी कुल मात्रा करीब 1385 क्विंटल बताई गई है।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की टीमें जिलेभर में निगरानी कर रही हैं। अब तक अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के 19 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान धान के अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।

जब्त धान में रबी फसल का धान, बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा धान और मंडी अधिनियम के उल्लंघन से जुड़े मामले शामिल हैं। जांच के दौरान ओडिशा के दो व्यवसायियों का धान भी पकड़ा गया है।

अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिले में 15 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यहां दूसरे राज्यों और सीमावर्ती इलाकों से आने-जाने वाले धान के वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। संयुक्त टीमें दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं और गड़बड़ी मिलने पर तत्काल जब्ती की कार्रवाई कर रही हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध खरीद, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे अपने पंजीकृत रकबे के अनुसार ही धान उपार्जन केंद्रों में लेकर आएं और निर्धारित नियमों का पालन करें।

Related Articles

Back to top button