
नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली में देशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली को लेकर मैदान में सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं और विभिन्न राज्यों से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिली।

महारैली में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित प्रदेश के कांग्रेस विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी भी शामिल हुए।
इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्सुकता देखी गई।

कांग्रेस ने इस महारैली के माध्यम से लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा का मुद्दा उठाया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े विषयों को लेकर अपनी बात रखी। रामलीला मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कांग्रेसजनों की भागीदारी रही।




