
महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देकर योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” की भावना के साथ छत्तीसगढ़ को विकास और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने पृथक छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को अविस्मरणीय बताया। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के हित में योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। सड़क, आवास, स्कूल, पंचायत और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सिरपुर को यूनेस्को की अस्थायी सूची में शामिल किए जाने पर उन्होंने जिलेवासियों को बधाई दी।
महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने धान खरीदी में 21 क्विंटल प्रति एकड़ की व्यवस्था और महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से ही प्रदेश की वास्तविक उन्नति संभव है।
छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। वहीं शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेंद्र नायक और छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल चौहान ने भी राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और सामूहिक सहभागिता से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।
कलेक्टर ने जिले की विकास उपलब्धियों की दी जानकारी
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने सिरपुर को यूनेस्को की विश्व धरोहर की अस्थायी सूची में शामिल किए जाने को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
कलेक्टर के अनुसार, महतारी वंदन योजना के तहत जिले की लगभग 3 लाख 8 हजार महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। लखपति दीदी अभियान में निर्धारित लक्ष्य 22,546 के मुकाबले 32,799 महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत 1,17,866 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से 5,400 से अधिक हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मोर गांव-मोर पानी अभियान के तहत जल संरक्षण कार्यों से लगभग 31 करोड़ लीटर वर्षाजल संचयन की क्षमता विकसित की गई है। जिले में 204 करोड़ रुपये से अधिक लागत के छह सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। बेलसोंडा रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण लगभग पूरा होने की ओर है, जबकि महासमुंद मेडिकल कॉलेज के नए भवन का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके अलावा 6.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस स्टैंड और 3 करोड़ रुपये की लागत से नए नगरपालिका भवन के निर्माण की योजना है।
16 विभागों ने प्रदर्शनी के जरिए बताईं उपलब्धियां
राज्योत्सव स्थल पर 16 विभागों की ओर से आकर्षक प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए गए। इनमें कृषि, उद्यानिकी, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन विभाग और जनसंपर्क सहित अन्य विभाग शामिल रहे। स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विकास गतिविधियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक आयोजन में स्थानीय स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लोकनृत्य सहित विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, शाकंभरी बोर्ड अध्यक्ष श्री राजेंद्र नायक, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल चौहान, राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।




