
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह की शुरुआत मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान राज्यगीत का सामूहिक गायन किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम “सशक्त नारी, युवा उड़ान” रखी गई थी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, समृद्ध संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक है। प्रदेश ने अपने गठन के 26 वर्ष पूरे कर 27वें वर्ष में प्रवेश किया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का गौरव प्राप्त हुआ। राज्य निर्माण में योगदान देने वाले पुरखों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआती चुनौतियों के बावजूद प्रदेश आज विकास के अनेक क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।
मंत्री ने कहा कि लोककला, लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराएं छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ जनकल्याण एवं समावेशी विकास के लिए कार्य कर रही है। महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं का विस्तार कर योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है। आदिवासी और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरणों के माध्यम से वंचित वर्गों के उत्थान पर भी जोर दिया जा रहा है।
सूरजपुर जिले के विकास पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ विकास कार्यों को भी गति मिल रही है। उन्होंने जिले को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए सभी से मिलकर काम करने का आह्वान किया। प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने भी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “सशक्त नारी, युवा उड़ान” की थीम महिलाओं को सशक्त बनाने और युवाओं को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दर्शाती है। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने जिले और प्रदेश की विकास यात्रा, उपलब्धियों तथा नवाचारों की जानकारी दी।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
समारोह में विभिन्न विभागों और पुलिस विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पाक कला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली बबली को 3,100 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहीं श्रीमती रानी गुप्ता को 2,100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली श्रीमती कमला गुप्ता को 1,100 रुपये की नकद राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
विभागीय प्रदर्शनी में जिला पंचायत ने पहला, स्वास्थ्य विभाग ने दूसरा और शिक्षा एवं राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता विभागों को अतिथियों ने सम्मानित किया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। कुर्सी दौड़ और रस्साकशी सहित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
छत्तीसगढ़ी व्यंजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
राज्योत्सव में आयोजित पाक कला प्रतियोगिता में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की खास झलक देखने को मिली। मंत्री श्रीमती राजवाड़े और जनप्रतिनिधियों ने व्यंजनों का स्वाद लेकर प्रतिभागियों के हुनर की सराहना की। उन्होंने समारोह स्थल पर लगी विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और विभिन्न योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी ली।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कर्मा नृत्य के जरिए प्रदेश की संस्कृति, विकास और एकता का संदेश दिया गया। आमंत्रित कलाकारों ने लोकगीतों और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी प्रस्तुतियों से समारोह में उत्साह का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा लाल राजवाड़े, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र पाटले, अपर कलेक्टर श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर सहित गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन की ओर से मंत्री एवं अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए।




