छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

PM CARES For Children: 23 साल की हुई बालोद की मोनिका बघेल, खाते में आई 10 लाख रुपये की सहायता राशि

रायपुर । पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत बालोद जिले की मोनिका बघेल को 23 वर्ष की आयु पूरी होने पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। भारत सरकार की ओर से यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की गई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने मोनिका को डेमो चेक सौंपकर योजना के तहत मिलने वाली सहायता की जानकारी दी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर, जिला कार्यक्रम अधिकारी और जिला बाल संरक्षण अधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा मिशन शक्ति और मिशन वात्सल्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, बाल संरक्षण इकाई के प्रतिनिधि तथा मोनिका के संरक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कोविड में माता-पिता खोने वाले बच्चों के लिए शुरू हुई योजना

पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना की शुरुआत 29 मई 2021 को कोरोना महामारी के दौरान अपने माता-पिता, कानूनी अभिभावक या दत्तक माता-पिता को खोने वाले बच्चों की सहायता के उद्देश्य से की गई थी। योजना के तहत प्रत्येक पात्र बच्चे के नाम पर 10 लाख रुपये का कॉर्पस फंड बनाया जाता है।

इस व्यवस्था के अनुसार, 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद लाभार्थी को 23 वर्ष की उम्र तक मासिक वित्तीय सहायता दी जाती है। 23 वर्ष पूरे होने पर कॉर्पस फंड की 10 लाख रुपये की राशि एकमुश्त प्रदान की जाती है।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुरक्षा की भी व्यवस्था

इस योजना में आर्थिक सहायता के साथ बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा गया है। पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाता है। वहीं, स्कूली शिक्षा के लिए आयु के अनुसार प्रवेश और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग का प्रावधान भी है।

मोनिका बघेल को मिली यह सहायता उन्हें आगे की पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सहयोग प्रदान करेगी। योजना का उद्देश्य कोरोना महामारी से प्रभावित बच्चों को आर्थिक सुरक्षा और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button