छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

बीएसपी आवासों का किराया 75 प्रतिशत तक घटा, 3,946 परिवारों को राहत

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर रिटेंशन और थर्ड पार्टी आवासों के लिए 6 रुपये प्रति वर्गफीट की नई दर लागू

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) टाउनशिप के हजारों आवासधारियों को बड़ी राहत मिली है। बीएसपी प्रबंधन ने रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया घटाकर 6 रुपये प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया है। इस निर्णय से करीब 3,946 परिवार लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अन्य आवासधारियों की किराए से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई थी। इसके बाद बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग ने 2 नवंबर को संशोधित आदेश जारी किया।

नई दर लागू होने से रिटेंशन श्रेणी के आवासों के किराए में 75 प्रतिशत और थर्ड पार्टी श्रेणी में 25 प्रतिशत की कमी आएगी। पहले रिटेंशन आवासों का किराया 24 रुपये और थर्ड पार्टी आवासों का 8 रुपये प्रति वर्गफीट प्रतिमाह था। अब दोनों श्रेणियों के लिए समान दर निर्धारित की गई है।

इस फैसले से रिटेंशन श्रेणी के 1,158 और थर्ड पार्टी श्रेणी के 2,788 आवासधारियों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए संवेदनशीलता के साथ समाधान निकालने पर जोर दिया था। संशोधित आदेश में पूर्व अवधि के किराए की पुनर्गणना और अतिरिक्त जमा राशि के समायोजन का प्रावधान भी किया गया है।

इस निर्णय के बाद सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री साय से सौजन्य मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, विधायक ललित चंद्राकर और रिकेश सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button