
रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के अवसर पर जगदलपुर में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर जिला स्तरीय राज्योत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक किरण सिंह देव ने किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का गौरव मिला।
विधायक ने कहा कि सरकार धान खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल और महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। जगदलपुर का नालंदा परिसर युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद देगा। वहीं पर्यटन और होम-स्टे विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि बस्तर अब शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसी पहल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रही हैं।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले में सड़क, रेल, हवाई सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई परियोजनाओं सहित विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने वर्ष 2031 तक प्रत्येक गांव को बुनियादी सुविधाओं से जोड़कर विकसित बस्तर बनाने का संकल्प दोहराया।
समारोह में विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियां लगाई गईं। हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और भूमि स्वामित्व दस्तावेज वितरित किए गए। उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए विद्यार्थियों और लोक कलाकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




