
रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बीजापुर में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद के भय से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। अब बस्तर में गोलियों की गूंज नहीं, बल्कि विकास और खुशहाली की गूंज सुनाई दे रही है।
बीजापुर प्रवास के दौरान मंत्री ने कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर स्थित एफओबी ताड़पाला पहुंचकर सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने जवानों के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में उनकी सेवाओं से शांति और विकास का मार्ग मजबूत हुआ है। उन्होंने कर्रेगुट्टा में तिरंगा फहराए जाने को जवानों के शौर्य का प्रतीक बताया।
मंत्री ने कर्रेगुट्टा क्षेत्र में विकास कार्यों में योगदान देने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
बीजापुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित राज्योत्सव में उन्होंने प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि युवाओं को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बस्तर के युवाओं से आधुनिक तकनीक और रोजगारपरक प्रशिक्षण अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने लोकगीत और पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुति दी। मंत्री ने कहा कि बस्तर की जनजातीय संस्कृति और लोकपरंपराओं का संरक्षण आवश्यक है। इस अवसर पर कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




