पटवारियों के आंदोलन को मिला विकास उपाध्याय का समर्थन, माना तूता धरना स्थल पहुंचकर सरकार से की जल्द समाधान की मांग
छत्तीसगढ़ में पटवारियों की लंबित मांगों को लेकर जारी आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय माना तूता स्थित धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत पटवारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सरकार से पटवारी संघ की जायज मांगों का जल्द निराकरण करने की मांग की।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पटवारियों के समर्थन में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय माना तूता स्थित धरना स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने हड़ताल पर बैठे पटवारी संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
इस दौरान विकास उपाध्याय ने कहा कि पटवारी राजस्व व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जमीन से जुड़े नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसे जरूरी कार्यों में उनकी अहम भूमिका होती है। इसके बावजूद कर्मचारियों को अपनी मांगों के लिए आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ रहा है, जो सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण संवाद और सकारात्मक पहल के जरिए होना चाहिए। सरकार को पटवारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, न कि उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का रास्ता अपनाना चाहिए। हड़ताल के चलते आम नागरिकों, किसानों और विद्यार्थियों को भी राजस्व संबंधी कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा कर्मचारियों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रही है। पटवारियों की जायज मांगों का समर्थन करना और उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाना जरूरी है।
अंत में विकास उपाध्याय ने राज्य सरकार से पटवारी संघ की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की, ताकि आंदोलन समाप्त हो और आम जनता को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।




