
जशपुर: छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने गुरुवार को जशपुर प्रवास के दौरान भगवान बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, त्याग, संघर्ष और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किया ऐतिहासिक संघर्ष
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान जननायक, समाज सुधारक और जनजातीय अस्मिता एवं स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने कम उम्र में ही अंग्रेजी शासन की शोषणकारी नीतियों और अन्याय के खिलाफ संघर्ष शुरू किया था। उन्होंने जनजातीय समाज को एकजुट कर उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया और जल, जंगल तथा जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, सामाजिक चेतना और राष्ट्रप्रेम की मिसाल है।
जनजातीय समाज में जगाई आत्मसम्मान और अधिकारों की अलख
श्री चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में आत्मसम्मान, एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और समाज को संगठित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ नहीं था, बल्कि सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक पहचान और जनजातीय अधिकारों की रक्षा के लिए भी था।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचार और आदर्श आज भी समाज को एकता, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
जनजातीय समाज का सशक्तिकरण ही सच्ची श्रद्धांजलि
वित्त मंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का त्याग, संघर्ष और बलिदान हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर काम करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, कृष्णा राय, भरत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



