रायपुर। राजधानी रायपुर के गोल बाजार थाना क्षेत्र में नाबालिग द्वारा चार लड़कियों के नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बनाने और उन्हें अपने दो दोस्तों को भेजने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, एक पीड़िता ने गोल बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि नहाते समय लक्की तंगील ने चोरी-छिपे अपने मोबाइल से उसका वीडियो बनाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मोबाइल की जांच की, जिसमें पीड़िता के अलावा मोहल्ले की तीन अन्य लड़कियों के नहाते समय बनाए गए वीडियो भी मिले।
जांच में सामने आया कि ये वीडियो एक नाबालिग ने बनाए थे और अपने दो दोस्तों कृष्णा लंगोटे तथा लक्की तंगील को भेजे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 77 और आईटी एक्ट की धारा 66ई के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपियों का पता लगाकर उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए। कार्रवाई के दौरान शास्त्री मार्केट क्षेत्र निवासी कृष्णा लंगोटे (19) और लक्की तंगील (21) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। वहीं, वीडियो बनाने वाले नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।




