
रायपुर । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में सरगुजा जिले के किसानों को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। राज्य शासन की स्वीकृति के बाद जिले में 7 नवीन धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। परिवहन खर्च और समय की बचत के साथ धान खरीदी प्रक्रिया भी आसान होगी।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर विकासखंड के ग्राम खलिवा, लुण्ड्रा के ग्राम पड़ोली, लखनपुर के ग्राम अंधला तथा उदयपुर विकासखंड के ग्राम चकेरी में नए धान उपार्जन केंद्र खोले जा रहे हैं। इसके अलावा ग्राम उलकिया, रजौटी और बिनकरा में भी नवीन केंद्रों को स्वीकृति दी गई है।
कलेक्टर अजीत वसंत ने संबंधित विभागों को इन केंद्रों में सुचारू धान खरीदी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
उपार्जन केंद्रों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
नए धान उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल, छायादार परिसर, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और सुगम पहुंच मार्ग की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक केंद्र में कंप्यूटर, यूपीएस और जनरेटर की व्यवस्था भी की जा रही है।
इसके साथ ही बायोमेट्रिक और आइरिस सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वास्तविक किसानों की पहचान सुनिश्चित हो सके और उन्हें धान विक्रय एवं भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।




